देवलचौड़ बंदोबस्ती में उत्तराखंड ग्रामीण बैंक ने लगाई वित्तीय एवं साइबर जागरूकता गोष्ठी, ग्रामीणों को दी योजनाओं की जानकारी
सरकारी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़ने का किया आह्वान, डिजिटल अरेस्ट और ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने की दी सलाह
हल्द्वानी। उत्तराखंड ग्रामीण बैंक की देवलचौड़ शाखा की ओर से आज ग्राम देवलचौड़ बंदोबस्ती में वित्तीय जागरूकता एवं सतर्कता जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं, सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, वित्तीय लेनदेन और बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना रहा। गोष्ठी में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, महिलाओं और स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम में उत्तराखंड ग्रामीण बैंक के वरिष्ठ प्रबंधक सुनील मेहता ने उपस्थित लोगों को केंद्र सरकार की विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के साथ ही बैंक की ऋण एवं जमा योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाएं आम नागरिकों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने आसपास के सभी पात्र व्यक्तियों को इन योजनाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित करें, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
इस अवसर पर वित्तीय जागरूकता सलाहकार बीडी नैनवाल ने मोबाइल बैंकिंग और यूपीआई (UPI) सेवाओं के उपयोग तथा उनसे मिलने वाली सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने डिजिटल बैंकिंग के बढ़ते उपयोग के बीच बरती जाने वाली सावधानियों पर विशेष जोर देते हुए कहा कि बैंक खाते से संबंधित गोपनीय जानकारी, ओटीपी, एटीएम पिन, पासवर्ड और अन्य व्यक्तिगत जानकारियां किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करनी चाहिए।
उन्होंने साइबर ठगी के नए तरीकों के प्रति आगाह करते हुए डिजिटल अरेस्ट जैसे जालसाजों के कुचक्रों से बचने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधी अक्सर लोगों को डराकर या लालच देकर उनकी गोपनीय बैंकिंग जानकारी हासिल करने का प्रयास करते हैं। ऐसे किसी भी फोन कॉल, संदेश या संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि पर भरोसा न करें और बिना पूरी जानकारी के किसी को भी धनराशि हस्तांतरित न करें।
गोष्ठी के दौरान ग्रामीणों को सुरक्षित डिजिटल लेनदेन अपनाने, बैंकिंग सेवाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने और वित्तीय रूप से जागरूक बनने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में पूर्व ग्राम प्रधान सुरेंद्र सिंह बिष्ट, बैंक सखी चंद्रकला, हंसा बिष्ट, लीला आर्य, रेखा, मीना शर्मा, कविता, सूर्य प्रकाश डसीला सहित विभिन्न महिला स्वयं सहायता समूहों के सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
गोष्ठी के माध्यम से बैंक अधिकारियों ने ग्रामीणों को वित्तीय साक्षरता के साथ-साथ डिजिटल सुरक्षा का संदेश देते हुए जागरूक और सतर्क बैंकिंग व्यवहार अपनाने की अपील की।
























