पौड़ी गढ़वाल के पंचूर गांव में शोक की लहर, मां के निधन से योगी आदित्यनाथ के परिवार में छाया मातम; सीएम पुष्कर सिंह धामी ने जताया गहरा दुख

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का 91 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली। उम्र संबंधी बीमारियों के चलते शुक्रवार को उनका निधन हुआ। उनके निधन की खबर से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

पंचूर गांव का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जीवन से गहरा जुड़ाव रहा है। इसी गांव में उनका बचपन बीता और आज भी उनका परिवार अपनी जड़ों से जुड़ा हुआ है। मां के निधन से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने पैतृक गांव पहुंचे थे और उनसे मुलाकात की थी। मां के निधन की खबर से परिवार और शुभचिंतकों में शोक का माहौल है।

मई 2022 में मां से मिलने पैतृक गांव पहुंचे थे योगी

उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनने के बाद मई 2022 में योगी आदित्यनाथ लंबे समय बाद अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने अपनी मां सावित्री देवी से मुलाकात की थी। मां के पास पहुंचकर उन्होंने उनके पैर छुए और आशीर्वाद लिया था। यह मुलाकात काफी भावुक रही थी।

जून 2024 में भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तराखंड पहुंचे थे। उस समय उनकी मां सावित्री देवी ऋषिकेश स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में उपचार के लिए भर्ती थीं। योगी आदित्यनाथ ने अस्पताल पहुंचकर मां का हालचाल जाना था और चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली थी। उन्होंने कुछ समय मां के साथ बिताया और उनसे बातचीत भी की थी। जांच और उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। बाद में आंखों की जांच के लिए उन्हें दोबारा अस्पताल लाया गया था।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जताया शोक

सावित्री देवी के निधन पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शोक संदेश जारी करते हुए लिखा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूज्य माताजी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है।

सीएम धामी ने कहा कि मां का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है। उनका निधन परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने बाबा केदार से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा योगी आदित्यनाथ और उनके परिवार को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

वर्ष 2020 में पिता का भी हो चुका है निधन

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का भी 20 अप्रैल 2020 को निधन हो गया था। उस समय उनकी उम्र 89 वर्ष थी। उनका दिल्ली स्थित एम्स में उपचार चल रहा था। वह किडनी और लिवर संबंधी बीमारियों से पीड़ित थे।

आनंद सिंह बिष्ट उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव में रहते थे। वह उत्तराखंड वन विभाग में फॉरेस्ट रेंजर के पद पर कार्यरत रहे थे और वर्ष 1991 में सेवानिवृत्त होने के बाद गांव में ही रहने लगे थे।

सावित्री देवी के निधन से योगी आदित्यनाथ के परिवार ने अपना एक महत्वपूर्ण सदस्य खो दिया है। उत्तराखंड के पंचूर गांव सहित प्रदेश और देशभर से शोक संवेदनाएं व्यक्त की जा रही हैं।

यह भी पढ़ें :  वैश्विक संस्थानों में चयन महज संयोग नहीं, समर्पण और दृढ़ संकल्प का परिणाम : डा. घनशाला

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.