फाटो जंगल में बाघ का आतंक: मां के सामने 22 साल के बेटे को उठाकर ले गया बाघ, दो घंटे बाद मिला शव

रामनगर। नैनीताल जिले में कॉर्बेट टाइगर रिजर्व से सटे तराई पश्चिमी वन प्रभाग के फाटो वन क्षेत्र में बाघ के हमले से एक 22 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मवेशी चराने गए युवक पर अचानक बाघ ने हमला कर दिया और उसे घसीटकर जंगल के भीतर ले गया।

घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। वन विभाग की टीम और ग्रामीणों ने करीब दो घंटे तक जंगल में सघन तलाश अभियान चलाया, जिसके बाद युवक का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। इस घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं क्षेत्र के वन गुज्जर परिवारों में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान दिलशाद पुत्र मोहम्मद गुलाम मुस्तफा (22 वर्ष), निवासी फाटो वन गुज्जर खत्ता, ढेला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दिलशाद अपनी मां नूरजहां और चचेरे भाई इमरान के साथ घर से करीब 200 मीटर की दूरी पर मवेशियों को चरा रहा था। इसी दौरान कॉर्बेट की एंटी पोचिंग चौकी के पास सफारी वाली सड़क की ओर से अचानक एक बाघ आ धमका और उसने दिलशाद पर हमला कर दिया। इससे पहले कि परिवार के लोग कुछ समझ पाते, बाघ युवक को अपने जबड़ों में दबाकर जंगल के भीतर घसीट ले गया।

घटना को अपनी आंखों के सामने देखकर दिलशाद की मां और चचेरे भाई ने शोर मचाना शुरू कर दिया। उनकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। तत्काल वन विभाग को घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ मिलकर जंगल में युवक की तलाश शुरू कर दी। करीब दो घंटे तक चले सघन तलाशी अभियान के बाद जंगल के भीतर दिलशाद का शव बरामद किया गया।

मृतक के मामा मोहम्मद याकूब ने बताया कि दिलशाद अपनी मां और चचेरे भाई के साथ घर के पास ही मवेशियों को चरा रहा था। इसी दौरान सफारी वाली सड़क की तरफ से आए बाघ ने अचानक उस पर हमला कर दिया और उसे घसीटकर जंगल के भीतर ले गया। घटना इतनी अचानक हुई कि परिजनों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

वहीं, फाटो रेंज अधिकारी कृपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि घटना उत्तरी फाटो बीट के कक्ष संख्या 43 की है। वन गुज्जर परिवार अपने मवेशियों को चराने जंगल में गया हुआ था। इसी दौरान बाघ ने युवक पर हमला कर दिया। वन विभाग की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर तलाश अभियान चलाया और युवक का शव बरामद किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने सहित आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

तराई पश्चिमी वन प्रभाग के डीएफओ पुनीत तोमर ने बताया कि मृतक के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जा रही है।

गौरतलब है कि फाटो वन क्षेत्र कॉर्बेट टाइगर रिजर्व से सटा हुआ है और यहां वन्यजीवों की आवाजाही बनी रहती है। इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर जंगल के आसपास रहने वाले वन गुज्जर परिवारों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जंगल में मवेशी चराने जाने वाले ग्रामीणों के सामने वन्यजीवों के हमले का खतरा लगातार बना रहता है। ऐसे में स्थानीय लोगों ने वन क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने की जरूरत महसूस की है।

फिलहाल दिलशाद की मौत से परिवार गहरे सदमे में है। वहीं, इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों के मन में एक ही सवाल है कि आखिर जंगल के आसपास रहने वाले लोगों को बाघ के हमलों से सुरक्षा कब मिलेगी?

यह भी पढ़ें :  आज का राशिफल : 20 नवंबर 2026

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.