172 स्टॉलों पर महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की लगेगी प्रदर्शनी, राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य बोले– उत्पादकों को मिलेगा बाजार और लोगों को स्थानीय उत्पादों की सौगात

हल्द्वानी। हल्द्वानी में आयोजित सरस मेले का शुभारंभ कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत ने किया। मेले में देश के 29 राज्यों के विभिन्न समूहों द्वारा प्रतिभाग किया जा रहा है।

इस आयोजन के माध्यम से देश के अलग-अलग हिस्सों की लोकसंस्कृति, पारंपरिक उत्पादों, हस्तशिल्प और स्थानीय व्यंजनों को एक ही मंच पर देखने और खरीदने का अवसर मिल रहा है।

सरस मेले में कुल 250 स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें से 172 स्टॉल महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की प्रदर्शनी एवं बिक्री के लिए आवंटित किए गए हैं।

इन स्टॉलों पर महिलाओं द्वारा तैयार किए गए स्थानीय एवं पारंपरिक उत्पादों को प्रदर्शित किया जा रहा है। मेले का उद्देश्य महिला स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के साथ ही उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों को गति देना है।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य ने कहा कि सरस मेला मातृशक्ति द्वारा तैयार किए गए स्थानीय उत्पादों को बाजार और बेहतर मंच उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

इसके जरिए लोगों को उत्तराखंड सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों के विशिष्ट, पारंपरिक एवं स्थानीय उत्पादों को करीब से जानने और समझने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन प्रधानमंत्री की लोकल फॉर वोकल की अवधारणा को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मेले में शुद्ध देशी एवं स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता दी जाएगी। इससे स्थानीय कारीगरों, महिला उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहन मिलने के साथ ही उनकी आजीविका के नए अवसर भी सृजित होंगे।

सांसद ने कहा कि सरस मेले का उद्देश्य उत्पादक और उपभोक्ता के बीच सीधा संपर्क स्थापित करना है। इससे जहां उत्पाद तैयार करने वाले लोगों को अपने सामान के लिए बाजार मिलेगा, वहीं जरूरतमंद उपभोक्ताओं को विभिन्न क्षेत्रों के उपयोगी और पारंपरिक उत्पाद एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकेंगे।

सरस मेले के शुभारंभ अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। कुमाऊं सांस्कृतिक कला उत्थान समिति नैनीताल के कलाकारों ने ‘तेरो नथुली को डोर’ गीत पर छपेली लोकनृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। पारंपरिक कुमाऊंनी वेशभूषा, मधुर लोकधुनों और आकर्षक नृत्य मुद्राओं से कलाकारों ने कुमाऊं की समृद्ध लोकसंस्कृति और पारंपरिक लोकसंगीत को जीवंत कर दिया।

कलाकारों की प्रस्तुति में उत्तराखंड की लोकपरंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और पहाड़ की जीवनशैली की सुंदर झलक देखने को मिली। लोकनृत्य की प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और कार्यक्रम स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

सरस मेले के माध्यम से एक ओर जहां विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक विविधता और पारंपरिक उत्पादों को मंच मिल रहा है, वहीं दूसरी ओर महिला स्वयं सहायता समूहों को अपने हुनर और मेहनत को बाजार तक पहुंचाने का अवसर भी मिल रहा है।

यह भी पढ़ें :  नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप, छह माह की गर्भवती मिली किशोरी; पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.