सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने आरोपी की पहचान कर दबोचा, करीब 5 तोले सोने के दो कड़े भी बरामद

हल्द्वानी। नैनीताल जनपद में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देशों के क्रम में हल्द्वानी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।

पुलिस ने घर में घुसकर सोने के जेवरात और नकदी चोरी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए करीब पांच तोले सोने के दो कड़े और 2 लाख 29 हजार रुपये की नकदी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, 25 नवंबर 2026 को अतुल नागपाल पुत्र स्वर्गीय यशपाल नागपाल निवासी गुरुनानकपुरा, हल्द्वानी ने कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर देकर बताया कि 17 नवंबर 2026 को आसिफ नाम का एक व्यक्ति उनके घर पर गीजर ठीक करने के बहाने आया था। इसी दौरान आरोपी ने घर की अलमारी से सोने के जेवरात चोरी कर लिए थे।

शिकायत के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में मुकदमा अपराध संख्या 400/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(4) में मुकदमा दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक कृपाल सिंह को सौंपी गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने चोरी की घटना का शीघ्र खुलासा करने और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को सख्त निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस अधीक्षक नगर हल्द्वानी हरबंस सिंह और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी के पर्यवेक्षण में कोतवाली हल्द्वानी पुलिस की टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के विश्लेषण और अन्य सुरागों के आधार पर चोरी की घटना में शामिल आरोपी की पहचान आसिफ पुत्र शमीम अहमद के रूप में हुई।

पुलिस ने 26 नवंबर 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही और कब्जे से चोरी किए गए पीली धातु के दो कड़े, जिनका वजन लगभग पांच तोला बताया गया है, तथा 2,29,000 रुपये नकद बरामद किए गए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की गई है।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने पुलिस टीम की प्रभावी कार्रवाई की सराहना की है। पुलिस का कहना है कि जनपद में चोरी सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।

यह भी पढ़ें :  पुरुषों के अधिकारों के संरक्षण के लिए उठी मांग, हल्द्वानी में राष्ट्रीय पुरुष आयोग और पुरुष कल्याण मंत्रालय के गठन की मांग को लेकर प्रधानमंत्री को भेजा ज्ञापन

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.