अंकिता भंडारी हत्याकांड में नया विवाद, पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य और वकील अनुज पुंडीर पर जीरो FIR दर्ज

अंकिता की निजी व्हाट्सएप चैट वायरल करने का आरोप, माता-पिता की शिकायत पर राजपुर थाने में मुकदमा दर्ज

देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड में दोषियों को उम्रकैद की सजा सुनाए जाने के बाद भी विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब इस मामले में एक नया कानूनी मोड़ सामने आया है। पीड़िता अंकिता भंडारी के माता-पिता की शिकायत पर दोषी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य और उनके वकील अनुज पुंडीर के खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज की गई है। दोनों पर आरोप है कि उन्होंने मीडिया के माध्यम से अंकिता की निजी व्हाट्सएप चैट सार्वजनिक कर उसकी निजता और गरिमा को ठेस पहुंचाई।

बुधवार शाम देहरादून के राजपुर थाने में दर्ज जीरो एफआईआर में आईटी एक्ट की धारा 66सी और 66डी के साथ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 356(2) और 79 लगाई गई हैं। पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में जारी किए गए थे करीब चार हजार पन्ने

दरअसल, इस पूरे विवाद की शुरुआत 16 नवंबर को हरिद्वार में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस से हुई थी। इस दौरान विनोद आर्य ने अपने बेटे पुलकित आर्य को निर्दोष साबित करने की कोशिश करते हुए अंकिता और उसके एक दोस्त के बीच हुई व्हाट्सएप बातचीत के करीब चार हजार पन्ने मीडिया के सामने सार्वजनिक कर दिए थे।

अंकिता के पिता वीरेंद्र सिंह भंडारी ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि ये डिजिटल साक्ष्य हत्या की जांच के दौरान जुटाए गए थे। इनमें अंकिता की निजी जिंदगी से जुड़े कई संवेदनशील और व्यक्तिगत संवाद शामिल थे। ऐसे दस्तावेजों को सार्वजनिक करना दिवंगत बेटी की निजता और सम्मान के अधिकार का उल्लंघन है।

शिकायत के अनुसार, मुकदमे की सुनवाई के दौरान अधिवक्ता अनुज पुंडीर ने इन चैट से संबंधित सवाल जांच अधिकारी से पूछने की कोशिश की थी, लेकिन अदालत ने इसे व्यक्तिगत मामला मानते हुए अनुमति नहीं दी थी। यह मामला उत्तराखंड हाईकोर्ट तक भी पहुंचा था। इसके बावजूद न्यायिक टिप्पणियों को नजरअंदाज कर निजी बातचीत को मीडिया के सामने सार्वजनिक कर दिया गया।

‘मौत के बाद भी व्यक्ति की निजता और गरिमा का अधिकार खत्म नहीं होता’

अंकिता के माता-पिता का कहना है कि उनकी बेटी की निजी बातचीत सार्वजनिक किए जाने से उसकी छवि को नुकसान पहुंचा है। इस घटना से परिवार को गहरा मानसिक आघात पहुंचा है।

वहीं, प्रेस कॉन्फ्रेंस के अगले दिन देहरादून में छात्र संगठन आइसा के मंच पर अंकिता की मां सोनी देवी ने भी अपना दर्द बयां किया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि बेटी ने अपनी जान गंवा दी, लेकिन अब भी उसके चरित्र पर सवाल उठाकर उसे बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। मां ने अपनी बेटी को न्याय दिलाने की लड़ाई जारी रखने की बात कही।

वनंत्रा रिजॉर्ट से शुरू हुआ था पूरा हत्याकांड

गौरतलब है कि ऋषिकेश के वनंत्रा रिजॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट के रूप में काम करने वाली 19 वर्षीय अंकिता भंडारी 18 सितंबर 2022 को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। छह दिन बाद 24 सितंबर को चिल्ला नहर से उसका शव बरामद हुआ था।

इस रिजॉर्ट का संचालन पूर्व भाजपा नेता विनोद आर्य का बेटा पुलकित आर्य करता था। अभियोजन पक्ष के मुताबिक, अंकिता पर रिजॉर्ट में आने वाले एक वीआईपी अतिथि को कथित तौर पर अनैतिक सेवाएं देने का दबाव बनाया जा रहा था। इनकार करने पर उसकी हत्या कर दी गई।

मामले की जांच के दौरान अंकिता और उसके दोस्तों के बीच हुई व्हाट्सएप बातचीत भी महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में सामने आई थी। इन संदेशों से अंकिता पर बनाए जा रहे दबाव और उसकी मानसिक परेशानी से जुड़ी जानकारियां सामने आई थीं।

तीनों दोषियों को मिल चुकी है उम्रकैद की सजा

इस बहुचर्चित हत्याकांड में पौड़ी गढ़वाल की अदालत ने 30 मई 2025 को पुलकित आर्य, सौरभ भास्कर और अंकित गुप्ता को दोषी करार देते हुए आजीवन कठोर कारावास की सजा सुनाई थी। हालांकि, सजा के बाद भी अंकिता के परिवार की न्याय की लड़ाई जारी है।

परिजन लंबे समय से उस कथित वीआईपी की पहचान सार्वजनिक करने की मांग कर रहे हैं, जिसका नाम इस प्रकरण में लगातार चर्चा में रहा है। शुरुआत में राजस्व पुलिस की जांच और वनंत्रा रिजॉर्ट के हिस्से पर बुलडोजर कार्रवाई को लेकर पूरे उत्तराखंड में भारी आक्रोश और विरोध प्रदर्शन हुए थे।

अंकिता के परिवार और विभिन्न संगठनों की लगातार मांग के बाद जनवरी 2026 में उत्तराखंड सरकार ने मामले में कथित वीआईपी एंगल की जांच सीबीआई से कराने की सिफारिश की थी। इसके बाद केंद्रीय जांच एजेंसी ने अज्ञात वीआईपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

अब अंकिता की निजी व्हाट्सएप चैट सार्वजनिक किए जाने के मामले में विनोद आर्य और अधिवक्ता अनुज पुंडीर के खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज होने से यह प्रकरण एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। उम्रकैद की सजा के बावजूद अंकिता के परिवार की लड़ाई अब भी जारी है। परिवार की मांग है कि बेटी को न्याय मिलने के साथ-साथ उसकी गरिमा और सम्मान की भी रक्षा होनी चाहिए।

यह भी पढ़ें :  उत्तराखंड ग्रामीण बैंक ने चाँदनीचौक में लगाया वित्तीय एवं सतर्कता जागरूकता शिविर, ग्रामीणों को साइबर ठगी से बचाव की दी जानकारी
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.