बहुद्देशीय भवन का कुंडा तोड़कर छत पर चढ़े छात्रों ने दी कूदने की धमकी

चीफ प्रॉक्टर से तीखी नोकझोंक, प्राचार्य के आश्वासन पर छत से नीचे आए

छात्रों का एक गुट प्राचार्य कक्ष में घुसने की कोशिश में पुलिस बल से उलझा

नौ दिन से धरने पर बैठे छात्रों ने अब शुरू की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल

हल्द्वानी। दीपावली के अवकाश के बाद कॉलेज खुलने पर सोमवार को एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव को लेकर छात्रों ने फिर हंगामा खड़ा कर दिया। पिछले कई दिनों से धरने पर बैठे छात्र सोमवार को उग्र हो गए। पुलिस और पूरे कॉलेज स्टाफ की मौजूदगी के बावजूद छात्रों ने ताला नहीं टूटने पर बहुद्देशीय भवन का कुंडा तोड़ डाला।

छात्र इस भवन की तीसरी मंजिल पर पहुंच गए और चुनाव कराने की मांग को लेकर नारेबाजी करने लगे। इधर, छात्रों के दूसरे गुट ने प्राचार्य के कक्ष में जबरन घुसने का प्रयास किया। इस दौरान छात्रों की पुलिस से तीखी नोकझोंक भी हुई।

प्रदेश सरकार के छात्र संघ चुनाव नहीं कराने के निर्णय के विरोध में पिछले नौ दिनों से कॉलेज परिसर में धरने पर बैठे छात्रों के आंदोलन ने अवकाश के बाद कॉलेज खुलने पर उग्र रूप धारण कर लिया। सोमवार को छात्र धरना स्थल से उठकर कॉलेज में हंगामा और नारेबाजी करने लगे। हंगामे के बावजूद जब छात्रों की बात नहीं सुनी गई तो आंदोलनकारी छात्रों रक्षित सिंह बिष्ट, अजय कुमार, हर्ष शर्मा, ज्योति दानू, उमा शंकर तिवारी अपने अन्य साथियों के साथ कॉलेज में स्थित लाल बहादुर शास्त्री बहुद्देशीय भवन पहुंच गए। भवन में ताला लगा था और छात्र जबरन अंदर घुसने की कोशिश कर रहे थे।

कॉलेज में मौजूद गिने-चुने पुलिस जवान छात्रों को रोक पाने में नाकाम रहे तो भारी मात्रा में पुलिस फोर्स बुला लिया गया। इस दौरान छात्र बहुद्देशीय भवन का ताला तोड़ने की कोशिश करने लगे। ताला नहीं टूटा तो उन्होंने दरवाजे का कुंडा तोड़ दिया और भवन की तीसरी मंजिल पर पहुंच गए। इस बीच पुलिस मौके पर पहुंच गई और अन्य छात्रों को अंदर जाने से रोक दिया।

हालांकि ऊपर चढ़े छात्रों को पुलिस नीचे नहीं उतार सकी। दोपहर करीब एक बजे बहुद्देशीय भवन की छत पर चढ़े छात्र लगातार नीचे कूदने की धमकी दे रहे थे। इस दौरान छात्रों की चीफ प्रॉक्टर डॉ. कविता बिष्ट से भी तीखी नोकझोंक हुई। दोपहर बाद करीब ढाई बजे प्राचार्य डॉ. एनएस बनकोटी ने छात्रों को भरोसा दिया कि वह उनकी मांगों को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाएंगे लेकिन छत पर चढ़े छात्र नीचे उतर आएं।

प्राचार्य के आश्वासन पर छात्र नीचे उतर आए। हालांकि बाद में कॉलेज प्रशासन की ओर से छत पर चढ़े सभी छात्रों एवं उनके साथियों के खिलाफ सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने को लेकर कोतवाली पुलिस को तहरीर भी दी गई।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  आज का राशिफल : 20 अक्टूबर 2026
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.