हल्द्वानी। रामपुर रोड स्थित हरिपुर मोतिया क्षेत्र में शनिवार सुबह एक गोदाम से युवक का शव बरामद हुआ। इससे आस-पास के लोगों में हड़कंप मच गया।

मृतक की पहचान मनोज, निवासी बागेश्वर के रूप में हुई है, जो उक्त गोदाम में ड्राइवर के तौर पर कार्यरत था। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, गोदाम स्वामी मोहित गुप्ता को सुबह जानकारी मिली कि गोदाम परिसर में मनोज का शव पड़ा हुआ है। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना टीपी नगर चौकी पुलिस को दी।

सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव का पंचनामा भरने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

गोदाम स्वामी मोहित गुप्ता के अनुसार, संभावना है कि मनोज की मौत छत से गिरने के कारण हुई हो, लेकिन मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने इसे संदिग्ध मानते हुए गहन जांच शुरू कर दी है।

घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पुलिस गोदाम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि घटना दुर्घटना थी या इसके पीछे कोई और वजह है।

इधर, मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए हैं। उन्होंने घटना को संदिग्ध बताते हुए पूरी सच्चाई सामने लाने की मांग की है। परिजनों का कहना है कि मनोज पूरी तरह स्वस्थ था और किसी प्रकार की मानसिक या शारीरिक परेशानी से नहीं जूझ रहा था, ऐसे में उसकी अचानक मौत सवाल खड़े कर रही है।

फिलहाल पुलिस ने विभिन्न पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  भीमताल : स्वर्गीय एनडी तिवारी की जयंती पर राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरु ने पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष कुंवर सिंह नेगी से की मुलाकात
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.