नैनीताल। उच्च न्यायालय के आदेशों पर गुरुवार को उच्च न्यायालय के अधिवक्ताओं ने गुरुवार को जिला कोषागार में सुरक्षित रखी गयी जिला पंचायत के अध्यक्ष पद की मतगणना की वीडियो का लगभग साढ़े तीन घंटे तक कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अवलोकन किया।

यह प्रक्रिया उत्तराखंड उच्च न्यायालय द्वारा दिये गये आदेशों पर पूरी की गयी। उल्लेखनीय है कि उच्च न्यायालय में जिला पंचायत चुनाव में कांग्रेस की अध्यक्ष प्रत्याशी रही पुष्पा नेगी ने अध्यक्ष पद के एक मतपत्र में छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया था। इस पर उच्च न्यायालय ने दोनों पक्षों के अधिवक्ताओं को मतगणना की वीडियो देखने की व्यवस्था दी थी।

इस व्यवस्था के तहत गुरुवार को कांग्रेस पक्ष के अधिवक्ता अवतार सिंह रावत, डीएस पाटनी व त्रिभुवन फर्त्याल एवं उप महाधिवक्ता जेएस विर्क व मनिंदर सिंह तथा राजीव बिष्ट तथा चुनाव आयोग के अधिवक्ता संजय भट्ट सुबह 11 बजे जिला कोषागार पहुंचे और कड़ी सुरक्षा के बीच अपराह्न ढाई बजे तक वीडियो का अवलोकन किया।

इस दौरान कोषागार में इनके अतिरिक्त दोनों अध्यक्ष प्रत्याशी-नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्म्वाल व पराजित प्रत्याशी पुष्पा नेगी, केवल जिलाधिकारी वंदना सिंह, एडीएम विवेक राय व एसडीएम नवाजिश खलीक के साथ चुनाव अधिकारी डॉ. टीसी जोशी आदि ही उपस्थित रहे।

इस दौरान किसी भी पक्ष की ओर से मीडिया को कोई जानकारी नहीं दी गयी। आगे वीडियो में मतपत्रों में किसी तरह की छेड़छाड़ पाये या न पाये जाने पर इस पूरे मामले का दारोमदार टिक गया है। माना जा रहा है कि अब न्यायालय शुक्रवार को इस मामले से जुड़ी सभी याचिकाओं की सुनवाई कर सकता है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  उत्तराखंड वन विभाग में भर्ती का मौका: SRF, JRF समेत कई पदों पर आवेदन आमंत्रित
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.