राजीव गांधी नवोदय विद्यालय संतूधार में कक्षा 8 के एक बच्चे से मारपीट का मामला,11वी के दो छात्रों पर मारपीट का आरोप

पौड़ी। विकासखंड एकेश्वर के राजीव गांधी नवोदय विद्यालय संतूधार में कक्षा 8 के एक बच्चे से मारपीट का मामला सामने आया है। कक्षा 11 के दो छात्रों पर मारपीट का आरोप है।

पीड़ित छात्र के अभिभावक की शिकायत पर विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य ने अनुशासन समिति की बैठक बुलाई है। समिति के सामने एक छात्र के अभिभावक ने बेटे की गलती को स्वीकार करते हुए उसकी टीसी निकाल ली है, जबकि दूसरा छात्र बीमार चल रहा है, जो वर्तमान में अपने घर में है।

गुरुवार को राजीव गांधी नवोदय विद्यालय संतूधार में प्रभारी प्राचार्य मंगल सिंह चौहान के निर्देश पर अनुशासन समिति की बैठक हुई। समिति के सामने पीड़ित कक्षा आठ के छात्र के पिता ने बताया कि उनका बेटा सात अगस्त को स्कूल से घर आया, लेकिन उसके बाद से वह सहमा-सहमा सा रहने लगा।

बेटे से जब पूछा तो उसने बताया कि कक्षा 11 के दो छात्रों ने उसके साथ 24 जुलाई को मारपीट की थी। वह अक्सर उससे मारपीट करते हैं। छात्र अकेले उसके ही नहीं बल्कि कक्षा के अन्य छात्रों के साथ भी मारपीट करते हैं।

इस दौरान उसे कई बार डंडे से पीटा और करंट भी लगाया। अभिभावक ने बताया कि विद्यालय में पूर्व में भी इस तरह की घटना सामने आई, लेकिन विद्यालय प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की।

विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य मंगल सिंह चौहान ने बताया कि समिति ने पीड़ित छात्र, आरोपित छात्रों व उनके अभिभावकों को बुलाया था। समिति के सामने पीड़ित छात्र व उसके अभिभावक के साथ 11वीं के एक छात्र व उसके अभिभावक आए।

कक्षा 11वीं के छात्र के अभिभावक ने स्वीकार किया कि उनके बेटे से गलती हुई है। वह विद्यालय से बेटे की टीसी ले गए हैं, जबकि दूसरा छात्र बीमार चल रहा है, जो घर पर स्वास्थ्य लाभ ले रहा है। उसके स्वस्थ होने पर प्रकरण में कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  आज का राशिफल : 23 अक्टूबर 2026

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.