नैनीताल। कुमाऊं विवि के परिसरों व संबद्ध कालेजों में छात्रसंघ चुनाव 27 सितंबर शनिवार को होंगे।

जबकि चुनाव संबंधित अधिसूचना 22 सितम्बर सोमवार को प्रातः दस बजे जारी होगी।
नामांकन प्रपत्रों की बिक्री 23 सितंबर मंगलवार पूर्वाह्न 11 से अपराह्न तीन बजे तक होगी।

अध्यक्ष सहित विभिन्न पदों के लिए नामांकन 24 सितंबर बुधवार पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न तीन बजे तक जबकि नामांकन पत्रों की जांच 25 सितंबर को सुबह दस बजे से दोपहर 12 बजे तक, नाम वापसी उसी दिन दोपहर एक बजे से अपराह्न तीन बजे तक हो सकेगी।

छात्रों की आम सभा (जिला प्रशासन द्वारा स्वीकृति प्रदान किए जाने की स्थिति में) 26 सितंबर को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न तीन बजे तक होगी, मतदान 27 सितंबर शनिवार को सुबह दस बजे से अपराह्न दो बजे तक, इसके बाद मतगणना, परिणाम की घोषणा एवं शपथ ग्रहण होगा।

कुलपति प्रो. डीएस रावत ने बताया कि शासन के दिशा- निर्देशों के अनुरूप चुनावों में एकरूपता, व्यवस्था, निष्पक्षता तथा लिंगदोह समिति की संस्तुतियों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जायेगा। चुनाव प्रचार के दौरान पोस्टर, बैनर एवं अन्य माध्यमों से प्रचार-प्रसार की सीमा सीमित रहेगी।

चुनाव में व्यय की अधिकतम सीमा भी निर्धारित की गयी है, जिसके अनुसार 10,000 से कम छात्र संख्या वाले परिसरों के लिये 25 हजार तथा 10,000 से अधिक छात्र संख्या वाले परिसरों के लिये 50 हजार की अधिकतम धनराशि निर्धारित है। विश्वविद्यालय के परिसरों एवं सभी संबंद्ध महाविद्यालयों में एक साथ चुनाव कराए जाने को विस्तृत कार्यक्रम तय किया गया है।

कुलसचिव डा. मंगल सिंह मंद्रवाल ने बताया कि छात्रसंघ चुनाव को सुचारू, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिये विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से तैयारियां की जा रही हैं।

उधर गुरुवार को डीएसबी परिसर में छात्र संघ चुनाव को लेकर आर्ट ऑडिटोरियम में पुलिस, कालेज प्रशासन तथा छात्रों की बैठक हुई। जिसमें एसपी डा. जगदीश चंद्र ने लिंगदोह कमेटी की सिफारिशों का पूरी तरह पालन करने के निर्देश दिए।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  कुमाऊं : महिला अस्पताल में प्रसव के दौरान मां और नवजात की मौत, स्वास्थ्य सेवाओं पर उठे सवाल
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.