नैनीताल। पटवाडांगर में स्थित राजकीय इंटर कॉलेज का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा गया कि स्कूल के छोटे बच्चे पेड़ काटते और गैस सिलेंडर उठाते नजर आ रहे हैं।

वीडियो सामने आने के बाद अभिभावकों में गहरी नाराजगी है और उन्होंने स्कूल प्रबंधन से इस पर जवाब मांगा है।

स्कूल प्रशासन ने कहा कि हाल ही में हुई भारी बारिश में स्कूल परिसर का एक पेड़ गिर गया था जिससे क्लास तक जाने का रास्ता बंद हो गया था। पेड़ हटाने में सीनियर छात्र और कुछ शिक्षक मदद कर रहे थे लेकिन कुछ छोटे बच्चे भी उत्सुकता में शामिल हो गए जिन्हें तुरंत क्लास में भेज दिया गया

वीडियो में एक बच्चा स्कूल ड्रेस में दराती से पेड़ की टहनियां काटते दिखाई दे रहा है जबकि दूसरे हिस्से में बच्चे गैस सिलेंडर उठाते और स्कूल परिसर में झाड़ू लगाते दिख रहे हैं। इस वायरल वीडियो के बाद अभिभावकों ने स्कूल में मीटिंग की और स्कूल की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए। सोशल मीडिया पर भी स्कूल प्रशासन की आलोचना की जा रही है।

जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक नैनीताल पुष्कर लाल टम्टा ने कहा कि मामले की पूरी जांच की जाएगी। प्रधानाचार्य से जानकारी ली जाएगी और अगर लापरवाही पाई गई तो जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बच्चों से इस तरह के काम कराए जाने की वजह से उनकी पढ़ाई पर बुरा असर पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने इस घटना पर नाराजगी जताई है। हालांकि अब तक किसी ने इस मामले में औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है। बच्चों के काम में उलझने के कारण उनके शिक्षा का स्तर गिर रहा है और स्कूल प्रशासन पर सवाल उठ रहे हैं।

इस घटना ने शिक्षा व्यवस्था और बच्चों के अधिकारों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग और सोशल मीडिया पर लोग इस घटना पर आक्रोश जता रहे हैं।

गांव के एक युवक ने जब बच्चों को इस तरह काम करते देखा, तो उसने इस घटना का वीडियो बना लिया और इसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। जिससे क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  विकास पुरुष स्व. नारायण दत्त तिवारी को पुण्यतिथि एवं जयंती पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि,रुद्रपुर चौक पर पूर्व दर्जा राज्य मंत्री हरीश पनेरू सहित गणमान्य लोगों ने किया माल्यार्पण

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.