ओवरलोडिंग के खिलाफ कार्रवाई सहित कई मांगों को लेकर देवभूमि ट्रक ऑनर वेलफेयर महासंघ ने शुरू की बेमियादी हड़ताल
हल्द्वानी। ओवरलोडिंग के खिलाफ कार्रवाई सहित कई मांगों को लेकर देवभूमि ट्रक ऑनर वेलफेयर महासंघ ने बेमियादी हड़ताल शुरू कर दी है।
ट्रक महासंघ के बैनर तले ट्रक मालिकों ने काठगोदाम रानीबाग तिराहे पर धरना-प्रदर्शन किया। साथ ही मांगें पूरी होने तक हड़ताल जारी रखने का ऐलान किया है पहाड़ों में ट्रक मालिकों की हड़ताल का असर पहले दिन से ही दिखने लगा है।
राशन, सब्जी, ईंट-सीमेंट सहित अन्य जरूरी सामान की सप्लाई ठप होने से आगे संकट और बढ़ सकता है।
रोजमर्रा की चीजों के दाम बढ़ने की संभावना है। महासंघ के अध्यक्ष राकेश जोशी का कहना है कि ट्रक मालिक लंबे समय से पांच सूत्रीय मांगों के समाधान की मांग कर रहे हैं।
लेकिन शासन और प्रशासन उनकी अनदेखी कर रहा है। इससे समस्त ट्रक मालिकों में भारी आक्रोश है कहा कि शासन-प्रशासन के उदासीन रवैये के कारण आज ट्रक मालिकों को हड़ताल के लिए मजबूर होना पड़ा है।
आम लोगों को होने वाली परेशानी के लिए शासन-प्रशासन जिम्मेदार है। ट्रक मालिकों का कहना है कि जब तक परिवहन सचिव या मुख्यमंत्री की ओर से मांगों पर लिखित आश्वासन नहीं मिल जाता, तब तक ट्रक मालिकों की हड़ताल जारी रहेगी।
उनकी हड़ताल को व्यापार मंडल के अलावा फल-सब्जी आढ़तियों का भी समर्थन मिल रहा है। वहीं आज कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश ने भी ट्रक मालिकों को अपना समर्थन दे दिया है।
उन्होंने कहा कि यह सरकार भ्रष्टतंत्र का नायाब नमूना है और जब ट्रक मालिक स्वयं मौजूदा नियमों को अनुपालन कराने की मांग कर रहे हैं तो फिर सरकार को किस बात की फिक्र है।





