देहरादून।  डोईवाला क्षेत्र में एक हाथी ने स्कूटी सवार परिवार पर हमला कर दिया और बच्चे को सूंड से खींच कर सड़क पर पटक दिया, जिससे 12 वर्षीय बालक की मौत हो गई, जबकि बच्चे के माता-पिता ने किसी तरह सड़क किनारे बह रहे नाले में कूद कर जान बचाई।

इस दौरान स्थानीय लोगों में आग जलाकर हाथी को जंगल में भगाया।

गुरुवार शाम के समय देहरादून-रायपुर मार्ग पर कालू वाला के पास यह घटना घटी। जानकारी के अनुसार, कोठारी मोहल्ला जॉलीग्रांट निवासी कमल थापा अपनी पत्नी नीलम और छठी कक्षा में पढ़ने वाले 12 वर्षीय बेटे कुणाल के साथ स्कूटी से देहरादून गए थे।

बेटे की दवा लेकर जब यह लोग वापस लौट रहे थे तो कालू वाला के पास अचानक एक हाथी अपने बच्चे के साथ स्कूटी के सामने आ गया।

स्कूटी सवार परिवार जब तक कुछ समझ पाता, तब तक हाथी ने स्कूटी में बैठे 12 वर्षीय बच्चे कुणाल को अपनी से सूंड से पकड़ कर खींच लिया और जमीन पर पटक दिया।

जब उन्होंने हाथी को भगाने की कोशिश की तो हाथी उनकी ओर भी झपटा तो दंपती ने किसी तरह सड़क किनारे बह रहे नाले में कूदकर अपनी जान बचाई। इसी दौरान वहां से गुजर रहे लोगों ने आग जलाकर हाथी को जंगल की ओर खदेड़ा।

दंपती तत्काल बच्चे को लेकर हिमालयन अस्पताल पहुंचा, लेकिन वहां डॉक्टरों ने कुणाल को मृत घोषित कर दिया। थानों वन क्षेत्र के क्षेत्राधिकारी नत्थी लाल डोभाल ने इस घटना पर दुख जताते हुए कहा कि वन मार्ग से गुजरने वाले लोग सतर्कता बरतें।

बता दें कि कुछ दिन पहले ही लच्छीवाला क्षेत्र में फ्लाईओवर के नीचे सॉन्ग नदी के किनारे एक हाथी ने मॉर्निंग वॉक के लिए निकले एक बुजुर्ग पर हमला कर दिया था।

इस हमले में बुजुर्ग व्यक्ति घायल हो गए थे, जिनका हिमालयन हॉस्पिटल में उपचार चल रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, आबादी वाले क्षेत्र में हाथी कई दिनों से दिखाई दे रहे हैं।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  कुमाऊं : महिला अस्पताल में प्रसव के दौरान मां और नवजात की मौत, स्वास्थ्य सेवाओं पर उठे सवाल
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.