ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

26 की उम्र में बना करोड़पति, BMW-फेरारी से चलता, दुबई में की शादी. उन्नाव के यूट्यूबर के घर ED की रेड

मशहूर यूट्यूबर और फैंटेसी क्रिकेट विश्लेषक अनुराग द्विवेदी के घर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने छापा मारा है। उनके घऱ से करोड़ों की लग्जरी गाड़ियां जब्त कर ली हैं। मनी लॉन्ड्रिंग और अवैध वित्तीय लेन-देन के आरोपों के घेरे में आए अनुराग के पास से 5 करोड़ रुपये की लैंबार्गिनी, मर्सिडीज और बीएमडब्ल्यू सहित कुल पांच आलीशान कारें बरामद की गई हैं।

इन सभी वाहनों को ईडी ने अपने कब्जे में लेकर लखनऊ स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में खड़ा करवा दिया है। ईडी की टीम बुधवार को अनुराग के उन्नाव में नवाबगंज स्थित घर पहुंची थी।

छापेमारी के दौरान ईडी को बड़ी संख्या में ऐसे दस्तावेज हाथ लगे हैं, जो ड्रीम-11 में सट्टेबाजी से अर्जित धन और उससे बनाई गई संपत्तियों की ओर इशारा करते हैं। इन दस्तावेजों को दो बैग में भरकर टीम अपने साथ ले गई है, जिनकी अब गहन जांच की जाएगी।

ईडी की टीम ने खजूर स्थित आवास के अलावा नवाबगंज में चाचा पप्पू द्विवेदी के मकान, मां दुर्गागन हाउस और मां पीतांबरा एंटरप्राइजेज से जुड़े कागजात भी खंगाले। छापेमारी के दौरान घर से करीब साढ़े बारह लाख रुपये नकद मिलने की बात सामने आई है। नकदी को मेडिकल स्टोर से जुड़ा बताया गया, हालांकि ईडी ने रकम को जब्त कर लिया है। विभिन्न स्थानों पर खरीदी गई जमीनों के दस्तावेज भी कब्जे में लिये।

क्रूज पर दुबई में शादी के बाद चर्चा में आए अनुराग पर मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत ईडी ने जांच शुरू की है। जांच एजेंसी का दावा है कि अनुराग ने हवाला ऑपरेटरों, फर्जी बैंक खातों और बिचौलियों के माध्यम से बड़े पैमाने पर अवैध भुगतान प्राप्त किया था।

आरोप है कि इस काली कमाई का इस्तेमाल विदेशों में निवेश के लिए किया गया। ईडी के सूत्रों के मुताबिक, अनुराग ने दुबई में भी कई अचल संपत्तियां खरीदी हैं और वह पिछले कुछ समय से वहीं जाकर बस गया था। इस कार्रवाई में लखनऊ जोन की ईडी टीम भी सक्रिय रूप से सहयोग कर रही है।

अनुराग द्विवेदी की जीवनशैली पिछले कुछ वर्षों में जिस तेजी से बदली, उसने न केवल सोशल मीडिया बल्कि जांच एजेंसियों का ध्यान भी अपनी ओर खींचा। बताया जाता है कि कुछ साल पहले तक वह साइकिल से चलते थे, लेकिन फैंटेसी स्पोर्ट्स और क्रिकेट सट्टेबाजी के माध्यम से उनकी आय में अप्रत्याशित उछाल आया।

उनके पिता पूर्व में ग्राम प्रधान रह चुके हैं। अनुराग की चर्चा तब और बढ़ गई जब उन्होंने दुबई में एक बेहद भव्य और खर्चीला शादी समारोह आयोजित किया। इसी शाही अंदाज ने ईडी की रडार पर उन्हें लाकर खड़ा कर दिया।

ईडी फिलहाल अनुराग की आय के असली स्रोतों का पता लगाने में जुटी है। प्राथमिक जांच में क्रिकेट सट्टेबाजी और ‘टिपिंग’ के जरिए मोटी कमाई की बात सामने आई है, जिसका पूरा ब्योरा अभी जुटाया जाना बाकी है। जांच का मुख्य केंद्र यह है कि क्या इस धन को अवैध रास्तों से भारत से बाहर भेजा गया और फिर इसे व्हाइट मनी के रूप में वापस लाया गया।

आने वाले दिनों में अनुराग द्विवेदी और उनके करीबियों से पूछताछ का दौर शुरू हो सकता है। ईडी यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस सिंडिकेट में और कौन-कौन से रसूखदार लोग शामिल हैं। इस बड़ी कार्रवाई ने फैंटेसी स्पोर्ट्स और सट्टेबाजी के नाम पर अवैध कारोबार करने वालों में हड़कंप मचा दिया है।

अनुराग द्विवेदी के चाचा के घर पर भी रेड!

दुबई से वापस आने के बाद लोगों ने इस शादी की चर्चा शुरू कर दी. अनुराग के ठाठ-बाट का ऐसा गुणगान किया कि एक महीने के अंदर ही उसके घर ईडी पहुंच गई. जानकारी के अनुसार,ईडी की टीम ने घंटों तक दोनों स्थानों पर जांच-पड़ताल की और संपत्ति से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेजों को खंगाला. बताया जा रहा है कि छापेमारी के समय अनुराग द्विवेदी अपने आवास पर मौजूद नहीं था. चर्चा है कि ईडी की टीम ने उनके घर के अलावा नवाबगंज कस्बे में स्थित उनके चाचा के घर पर भी जांच की.

टीम ने घर के अंदर मौजूद कागजात, बैंकिंग दस्तावेजों और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड कीजांच की. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि जांच के दौरान कोई आपत्तिजनक दस्तावेज या नकदी बरामद हुई है या नहीं।

आय से अधिक संपत्ति का केस

सूत्रों के अनुसार, अनुराग द्विवेदी पर फैंटेसी लीग के जरिए करोड़ों रुपए के सट्टे से जुड़े होने और उससे अर्जित धन को विभिन्न माध्यमों से निवेश करने का आरोप है. ईडी को संदेह है कि घोषित आय की तुलना में उसकी संपत्तियां कहीं अधिक हैं, इसी आधार पर आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज कर जांच की जा रही है. इस पूरे मामले में ईडी की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. कार्रवाई को पूरी तरह गोपनीय रखा गया है।

‘सट्टा किंग’ के नाम से अनुराग की पहचान

ईडी की इस छापेमारी के बाद नवाबगंज और आसपास के इलाकों में चर्चाओं का बाजार गर्म है. स्थानीय लोग फैंटेसी लीग से जुड़े कथित सट्टा नेटवर्क और उसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका को लेकर सवाल उठा रहे हैं. सीओ हसनगंज अरविन्द चौरसिया ने बताया कि नवाबगंज में ईडी के द्वारा अनुराग द्विवेदी के घर पर जांच करने की जानकारी मिली है।

बता दें कि 26 वर्षीय अनुराग द्विवेदी फैंटेसी स्पोर्ट्स प्लेटफार्म का प्रमोटर और कंटेंट क्रिएटर है. वह गेम में सीधे पैसा न लगाकर बल्कि अपनी लोकप्रियता और ब्रांड सहयोग के जरिए करोड़ों रुपए कमाता है. उसके सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर लाखों फॉलोवर हैं।

अनुराग द्विवेदी लग्जरी गाड़ियों का शौकीन

हाल ही में अनुराग द्विवेदी दुबई में हुई अपनी शादी को लेकर चर्चा में आया था, जिसमें वह अपने गांव और करीबियों को शादी शामिल होने के लिए बुलाया था और उनके आने-जाने की व्यवस्था भी की थी. इसके अलावा उसके काफिले में महंगी और लग्जरी गाड़ियां जैसे मर्सिडीज, बीएमडब्ल्यू, फेरारी, लैंबॉर्गिनी आदी शामिल हैं।

यह भी पढ़ें :  नैनीताल में कृषि पट्टे की जमीन पर बना होटल, भूमि सरकार में निहित
error: Content is protected !!