ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

जमीन पर अवैध कब्जे और जान से मारने की धमकी का आरोप,बीजेपी विधायक अरविंद पांडे फिर विवादों में

उधम सिंह नगर। गदरपुर से बीजेपी विधायक अरविंद पांडे एक बार फिर विवादों में घिरते नजर आ रहे हैं। बाजपुर कोतवाली में एक व्यक्ति ने विधायक और उनसे जुड़े लोगों पर जमीन पर अवैध कब्जे और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं।

पीड़ित ने कोतवाली में दी तहरीर

शिकायतकर्ता संजय कुमार बडाल पुत्र बहादुर, निवासी बाजपुर ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि ग्राम मुड़िया जीत स्थित उनकी भूमि (खसरा संख्या 20) के एक हिस्से को देखरेख और कार्य के उद्देश्य से आपसी सहमति के तहत जयप्रकाश तिवारी और स्वर्गीय चतुरानंद तिवारी को दिया गया था।

प्राधिकरण कार्यालय बुलाकर नोटिस देने का आरोप

पीड़ित के अनुसार, 20 जुलाई 2025 को उन्हें प्राधिकरण कार्यालय बुलाया गया, जहां भूमि पर नए निर्माण को लेकर कारण बताओ नोटिस थमाया गया। नोटिस में निर्माण को अवैध बताया गया, जिससे वह हैरान रह गए।

 मौके पर विवाद और जान से मारने की धमकी

संजय कुमार का आरोप है कि उसी समय वहां मौजूद देवानंद पांडे, वीरेंद्र पांडे, अमर पांडे और अन्य लोगों ने उनसे विवाद शुरू कर दिया।

देवानंद पांडे ने कथित रूप से कहा कि जमीन उनकी है

जान से मारने की धमकी दी गई

यह भी कहा गया कि “विधायक अरविंद पांडे मेरे भाई हैं, सरकार हमारी है”

इस बयान के बाद पीड़ित खुद को गंभीर रूप से भयभीत महसूस करने लगा।

 फर्जी दस्तावेज और किरायानामा बनाने का आरोप

तहरीर में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने कुछ फोटोकॉपी दस्तावेज पीड़ित की ओर फेंके और जमीन पर अपना दावा जताया।

दस्तावेज देखने के बाद संजय कुमार को संदेह हुआ कि

जयप्रकाश तिवारी, स्वर्गीय चतुरानंद तिवारी, देवानंद पांडे, मोहन पांडे और किसान पांडे ने आपस में मिलकर एक फर्जी किरायानामा तैयार किया है, ताकि उनकी जमीन को धोखाधड़ी से हड़पा जा सके।

 पीड़ित की मांग – दर्ज हो मुकदमा, हो सख्त कार्रवाई

शिकायतकर्ता ने पुलिस से सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।

 राजनीतिक हलकों में हलचल, पुलिस जांच जारी

मामले में बीजेपी विधायक अरविंद पांडे का नाम सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है।

वहीं पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी : मुख्यमंत्री धामी ने 147 करोड़ 28.56 लाख की 40 विकास योजनाओं का किया लोकार्पण एवं शिलान्यास
error: Content is protected !!