ब्रेकिंग न्यूज़

UKSSSC पेपर लीक मामले में मास्टरमाइंड का 16 परीक्षाओं में फर्जीवाड़ा उजागर, CBI करेगी सप्लीमेंटरी चार्जशीट दाखिल

पेपर लीक का मास्टरमाइंड खालिद ने 16 परीक्षाओं में गलत जानकारी देकर किया था आवेदन

देहरादून। सरकारी नौकरी पाने की चाह में खालिद किसी भी हद तक जाने को तैयार था। सीबीआई की जांच में पेपर लीक प्रकरण के मास्टरमाइंड खालिद का एक और बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है।

जांच में खुलासा हुआ है कि खालिद ने उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) और उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी) की कुल 16 परीक्षाओं में गलत जानकारी देकर आवेदन किया था।

अयोग्यता के बावजूद भरे आवेदन

सीबीआई के अनुसार, दोनों आयोगों की ओर से जारी लगभग हर सरकारी भर्ती विज्ञापन में खालिद ने आवेदन किया, जबकि संबंधित पदों के लिए मांगी गई शैक्षणिक और अन्य अर्हताएं उसके पास नहीं थीं। हालांकि, वह किसी भी परीक्षा में सफल नहीं हो सका। जांच एजेंसी का मानना है कि यदि वह चयनित हो जाता, तो फर्जी दस्तावेज भी तैयार कर सकता था।

पहले से दर्ज है मुकदमा

इस फर्जीवाड़े को लेकर यूकेएसएसएससी की ओर से 31 दिसंबर 2025 को रायपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था। अब नए तथ्य सामने आने के बाद खालिद के खिलाफ एक और मामला दर्ज होने की संभावना है। सीबीआई इस संबंध में जल्द ही सप्लीमेंटरी चार्जशीट दाखिल करेगी।

तीन प्रश्नपत्रों की फोटो हुई थीं वायरल

यूकेएसएसएससी ने 21 सितंबर 2025 को स्नातक स्तरीय प्रतियोगी परीक्षा आयोजित की थी। इस दौरान खालिद ने हरिद्वार के बहादुरपुर जट स्थित आदर्श बाल सदन इंटर कॉलेज से प्रश्नपत्र के तीन पन्नों की फोटो खींचकर इंटरनेट पर प्रसारित कर दी थी।

एसआईटी जांच में बड़ा खुलासा

एसआईटी जांच में यह भी सामने आया कि प्रश्नपत्रों की तस्वीरें असिस्टेंट प्रोफेसर सुमन के पास भेजी गई थीं। इसके बाद सुमन को पूछताछ के लिए बुलाया गया।

चार लोगों पर दर्ज हुआ था मुकदमा

22 सितंबर को रायपुर थाने में असिस्टेंट प्रोफेसर सुमन, अभ्यर्थी खालिद, उसकी बहन साबिया और हिना के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी के आरटीओ कार्यालय में कर्मचारियों के विवाद के दौरान चली गोली, अलमारी में लगी; आरोपी कर्मचारी फरार, पुलिस जांच में जुटी
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.