नैनीताल। ऋतु परिवर्तन के साथ पहाड़ से लेकर मैदान तक मौसम का मिजाज बदल गया है। सर्दियों का सीजन शुरू होने के करीब तीन महीने बाद हुई बारिश से सूखे जैसे हालात खत्म हो गए हैं।
लंबे समय से परेशान कर रही सेहत के लिए हानिकारक सूखी ठंड से भी लोगों को राहत मिली है। वहीं, यह बारिश फसलों के लिए भी फायदेमंद साबित हुई है।
हालांकि तराई-भाबर क्षेत्र में बीते एक सप्ताह से लगातार बढ़ रहे तापमान पर अब ब्रेक लग गया है। बारिश और ठंडी हवाओं के चलते एक बार फिर ठिठुरन बढ़ गई है।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रह सकता है।
देर रात बदला मौसम, दिनभर चलीं सर्द हवाएं
गुरुवार देर रात से ही मौसम ने करवट लेना शुरू कर दिया था। आधी रात के बाद तेज हवाएं चलने लगीं। शुक्रवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहे। हल्द्वानी और आसपास के क्षेत्रों में सर्द हवाओं का प्रवाह बना रहा।
शाम करीब तीन बजे हल्की बूंदाबांदी के साथ बारिश शुरू हुई। अक्टूबर के बाद हुई इस बारिश से लोगों के चेहरे खिल उठे। देखते ही देखते बारिश तेज हो गई और छमाछम वर्षा का क्रम देर रात तक जारी रहा। इसके चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
29 जनवरी तक बारिश-बर्फबारी के आसार
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार शुक्रवार को हल्द्वानी में अधिकतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पूर्वानुमान के मुताबिक 29 जनवरी तक पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी रह सकता है। मैदानी इलाकों में भी कुछ स्थानों पर वर्षा होने की संभावना है, जिससे ठंड का असर बना रहेगा।
तेज हवाओं से बिजली आपूर्ति बाधित
तेज हवाओं के कारण शुक्रवार को हल्द्वानी के कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। मुख्य लाइन में पेड़ टकराने से बार-बार ट्रिपिंग की समस्या सामने आई। शाम करीब पांच बजे 13 बीघा बिजली घर का इंसुलेटर फट गया, जिससे उजाला नगर सहित आसपास के इलाकों में बिजली गुल हो गई।
ठंड बढ़ने के बीच बिजली सप्लाई बाधित होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। विद्युत वितरण खंड हल्द्वानी नगर के अधिशासी अभियंता प्रदीप कुमार ने बताया कि देर शाम बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।





