ब्रेकिंग न्यूज़

निजी अस्पताल में भर्ती महिला से डॉक्टर द्वारा कथित छेड़छाड़, आरोपी गिरफ्तार

हरिद्वार। जनपद की मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के लंढौरा कस्बे में एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान महिला से कथित रूप से अश्लील हरकत करने का गंभीर मामला सामने आया है।

आरोप है कि लोकनायक नाम के निजी अस्पताल में तैनात डॉक्टर रिजवान ने इलाज के बहाने महिला के साथ आपत्तिजनक व्यवहार किया।

मामले के सामने आने के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया। पुलिस ने आरोपी डॉक्टर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

बताया जा रहा है कि लंढौरा क्षेत्र निवासी एक युवती की शादी छह महीने पहले हुई थी। महिला हाल ही में अपने पति के साथ मायके आई हुई थी। 31 जनवरी को अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे लंढौरा स्थित लोकनायक नाम के निजी अस्पताल में भर्ती कराने ले गए।

आरोप है कि इलाज के दौरान डॉक्टर रिजवान बार-बार महिला का चेकअप करने के बहाने वार्ड में आ रहा था। इसी दौरान एक मौके पर उसने महिला के पति को फल लेने के लिए बाजार भेज दिया।

पति के बाहर जाते ही डॉक्टर ने कथित रूप से महिला के साथ आपत्तिजनक हरकत की। पीड़िता का आरोप है कि डॉक्टर ने उसके कपड़े ऊपर कर उसके साथ अशोभनीय कृत्य किया।

पति के वापस अस्पताल पहुंचने पर महिला ने पूरी घटना की जानकारी अपने पति को दी। इसके बाद महिला के परिजन भी मौके पर पहुंच गए और अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा हुआ। हंगामे की स्थिति को देखते हुए आरोपी डॉक्टर रिजवान और अस्पताल का स्टाफ अस्पताल बंद कर मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद पीड़ित परिवार ने मंगलौर कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी और आरोपी डॉक्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टर रिजवान के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि मामले में आरोपी डॉक्टर को रविवार रात गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस द्वारा पूरे प्रकरण की गहन जांच की जा रही है और अस्पताल प्रबंधन की भूमिका की भी जांच की जाएगी।

पुलिस ने कहा है कि पीड़िता के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में निजी अस्पतालों में इलाज को लेकर भय और आक्रोश का माहौल है।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी : सड़क पर हुड़दंग, गुंडागर्दी, मनमानी और अराजकता करने वालों पर SSP  मंजूनाथ टी सी का शिकंजा
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.