ब्रेकिंग न्यूज़

अल्मोड़ा के दन्यां में नाबालिग से दुष्कर्म पर उबाल, जागेश्वर से बाजार तक निकली विशाल आक्रोश रैली

अल्मोड़ा। दन्यां क्षेत्र में नाबालिग के साथ दुष्कर्म और आपत्तिजनक फोटो खींचकर ब्लैकमेल करने की घटना के विरोध में शनिवार को व्यापक जनआक्रोश देखने को मिला।

जागेश्वर से दन्यां बाजार तक निकाली गई रैली में ग्रामीणों, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में भागीदारी की। रैली का नेतृत्व चित्रगुप्त पीठ जागेश्वर के महामंडलेश्वर लाला बाबा ने किया।

वक्ताओं ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। साथ ही बाहरी लोगों का अनिवार्य सत्यापन, किरायेदारों का पुलिस वेरिफिकेशन और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को सख्ती से लागू करने की मांग उठाई। चेतावनी दी गई कि यदि शीघ्र प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।

रैली में ग्राम प्रधान संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष सुरेश भट्ट, भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. नीरज पंत, पहाड़ी छोरा ग्रुप के पदाधिकारी, पूर्व मंडल अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह डसीला सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं और नाबालिगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और समाज को ऐसी घटनाओं के खिलाफ एकजुट होना होगा।

पालीटेक्निक छात्र गिरफ्तार, POCSO समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा

इसी मामले में धौलादेवी ब्लॉक के एक गांव में नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि युवक ने घर में घुसकर दुष्कर्म किया, आपत्तिजनक फोटो खींचे और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर कई बार शोषण किया।

पीड़िता के स्वजन की शिकायत पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपित को 12 घंटे के भीतर चापड़ बैंड के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी पालीटेक्निक कॉलेज दन्यां में इलेक्ट्रिकल ट्रेड के छठे सेमेस्टर का छात्र है और किराये के मकान में रहकर पढ़ाई कर रहा था।

दन्यां थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ POCSO सहित बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच जारी है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक समेत कई कर्मी शामिल रहे।

प्रशासन से पीड़िता को शीघ्र न्याय दिलाने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग लगातार की जा रही है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  नैनीताल : ज्यौलीकोट में दूषित पेयजल मामले में बड़ी कार्रवाई, छह इंजीनियर निलंबित; लापरवाही पर CM धामी ने दिखाई सख्ती

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.