नगर पालिका इंटर कॉलेज, एशडेल में ऐपण कला प्रतियोगिता का आयोजन

रिपोर्टर: गुड्डू सिंह ठठोला 

नैनीताल। उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और पारंपरिक ऐपण कला के संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से मिट्टी से रंग तक कला एवं सांस्कृतिक संस्था द्वारा नगर पालिका इंटर कॉलेज, एशडेल, नैनीताल में ऐपण कला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्तराखंड की पारंपरिक शैली के अनुरूप गेरू और बिस्वार का उपयोग कर आकर्षक एवं मनमोहक ऐपण तैयार किए। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं तथा पारंपरिक कला से जोड़ना और उनमें अपनी संस्कृति के प्रति सम्मान एवं जागरूकता विकसित करना था।

संस्था की अध्यक्ष डॉ. पूनम ने कहा कि ऐपण केवल एक कला नहीं, बल्कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आधुनिक दौर में पारंपरिक कलाओं को संरक्षित रखना और उन्हें नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। संस्था भविष्य में भी लोक कला एवं संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन करती रहेगी।

कार्यक्रम के सफल संचालन एवं आयोजन में संस्था की कोषाध्यक्ष संगीता कोठारी तथा सदस्य कंचन मेहरा, नेहा गुप्ता, शिवांगी गंगवार, योगेश बृजवासी और दुर्गा आर्य का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम में संस्था की विशेष अतिथि कल्पना आर्य भी उपस्थित रहीं।

विद्यालय की प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं समस्त विद्यालय परिवार ने संस्था के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे उत्तराखंड की लोक संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक पहल बताया।

प्रतियोगिता के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया तथा सभी छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें अपनी सांस्कृतिक धरोहर से जुड़े रहने का संदेश दिया गया।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  कालाढूंगी विधानसभा को बड़ी सौगात, बौरपुल से मूसाबंगर तक सड़क निर्माण के लिए ₹4.99 करोड़ मंजूर

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.