हल्द्वानी। छात्र संघ चुनाव कराने की मांग को लेकर सोमवार को छात्रों ने एमबीपीजी कॉलेज में हंगामा काटा। छात्रों ने कॉलेज में चल रही एमएससी के प्राणी विज्ञान की प्रयोगात्मक परीक्षाओं को बंद करा दिया।

कॉलेज में चल रही जूडो की प्रतियोगिता रुकवाने पर उनकी शिक्षक, पुलिस व खिलाड़ियों से काफी नोकझोंक हुई। बाद में प्रतियोगिता दोबारा से कराई गई। कॉलेज में चुनाव कराए जाने की मांग को लेकर छात्र नेताओं सुबह 10.30 बजे से हंगामा काटना शुरू कर दिया था।

उन्होंने कहा कि कुमाऊं विश्वविद्यालय चुनावों को लेकर कोई निर्णय नहीं ले रहा है। लेकिन कॉलेज में खेल प्रतियोगिता आयोजित कराई जा रही है। नारेबाजी करते हुए छात्र एमएससी के प्राणी विज्ञान विभाग में पहुंचे।

जहां प्रयोगात्मक परीक्षा चल रही थी। छात्र कक्षाओं में घुसे और उन्होंने तालाबंदी कर प्रयोगात्मक परीक्षा रुकवा दी। इसके बाद छात्र खेल मैदान में पहुंचे जहां जूडो प्रतियोगिता चल रही थी। प्रतियोगिता रुकवाकर छात्र क्रीड़ास्थल पर धरने पर बैठ गए और नारेबाजी करने लगे।

इस दौरान उनकी पुलिस, प्राचार्य प्रो. एनएस बनकोटी, चीफ प्रॉक्टर डॉ. कविता बिष्ट के साथ भी बहस हुई। काफी देर तक चले हंगामे के बाद छात्र शांत हुए और प्रतियोगिता का संचालन शुरू हो पाया।

प्राचार्य डॉ. बनकोटी ने छात्रों को समझाया कि उनकी बात पूर्व में ही शासन स्तर पर पहुंचा दी गई है। वर्तमान में मामला कोर्ट में विचाराधीन है जिसकी सुनवाई 26 नवंबर को होनी है।
जूडो प्रतियोगिता रोकने के दौरान एक छात्रनेता ने कॉलेज के खेल अधिकारी सुरेंद्र सिंह नेगी का कॉलर पकड़ लिया और उसके साथ अभद्रता करने लगा। इस पर छात्रों के बीच ही बहस होने लगी। बाद में कॉलेज के प्राचार्य व प्राध्यापकों के समझाने पर माहौल शांत हुआ।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  अंकिता भंडारी प्रकरण: पहाड़ी आर्मी ने बुद्ध पार्क में फूंका पुतला, निष्पक्ष CBI जांच की मांग
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.