ब्रेकिंग न्यूज़

देहरादून। शिक्षा की राजधानी कहे जाने वाले देहरादून में शनिवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। डालनवाला क्षेत्र स्थित दून इंटरनेशनल स्कूल की 11वीं कक्षा की छात्रा को स्कूल के बाहर से किडनैप करने का प्रयास किया गया।

आरोपी बुर्का पहने हुए थे और उन्होंने छात्रा को जबरन वैन में खींचते हुए उसकी बांह पर इंजेक्शन लगाने की कोशिश की। सहेलियों की सूझबूझ और साहस से बड़ी वारदात टल गई, हालांकि आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना शनिवार दोपहर की बताई जा रही है। स्कूल की छुट्टी के बाद छात्रा अपनी तीन-चार सहेलियों के साथ पैदल घर जा रही थी। स्कूल गेट से करीब 100 मीटर दूर एक वैन खड़ी थी, जिसका दरवाजा खुला हुआ था। वैन के बाहर बुर्का पहने एक व्यक्ति खड़ा था, जबकि उसका एक साथी ड्राइविंग सीट पर मौजूद बताया जा रहा है।

जैसे ही छात्राएं वैन के पास पहुंचीं, बुर्काधारी व्यक्ति ने अचानक एक छात्रा को पकड़कर वैन में खींचने की कोशिश की और उसकी बांह पर इंजेक्शन घोंपने का प्रयास किया।

यह देख छात्रा की सहेलियों ने हिम्मत दिखाई, शोर मचाया और छात्रा को आरोपी के कब्जे से छुड़ा लिया। शोर सुनते ही आरोपी वैन लेकर फरार हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही छात्राओं ने स्कूल प्रबंधन को पूरी आपबीती बताई। स्कूल प्रबंधन ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, लेकिन दुर्भाग्यवश वारदात कैमरे में कैद नहीं हो सकी।

विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. दिनेश बड़थ्वाल ने बताया कि इस मामले में मंगलवार को थाने और एसपी सिटी को लिखित शिकायत दी जाएगी।

साथ ही स्कूल में बच्चों की सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। पीड़ित छात्रा और उसके अभिभावकों से भी बातचीत की जाएगी।

इस घटना ने एक बार फिर शहर में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरू ने भीमताल में बच्चों से किया संवाद, नशामुक्त समाज का लिया संकल्प
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.