ब्रेकिंग न्यूज़

नैनीताल। जनपद मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर दूर भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया।

दोपाखी के समीप अल्मोड़ा से हल्द्वानी आ रही सैलानियों से भरी केमू बस अनियंत्रित होकर पैरापिट से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बस में लगभग 30 यात्री सवार थे, जो अल्मोड़ा में एक विवाह समारोह में शामिल होकर हल्द्वानी लौट रहे थे। हादसे के दौरान कई यात्री घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और राहत-बचाव टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी पहुंचाया गया।

चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद पांच घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हल्द्वानी के उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया, जबकि अन्य घायलों का उपचार स्थानीय स्तर पर जारी है। बताया जा रहा है कि हादसे के समय बस में चीख-पुकार मच गई और कई यात्री सहम गए।

प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर बस के अनियंत्रित होने को हादसे का कारण माना जा रहा है, हालांकि तकनीकी खराबी या चालक की चूक समेत अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर यातायात भी प्रभावित रहा। प्रशासन ने यात्रियों से पर्वतीय मार्गों पर यात्रा के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  भीमताल : ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी में हरित पहल और सतत विकास पर संवाद
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.