ब्रेकिंग न्यूज़

ऑपरेशन प्रहार: हल्द्वानी में 66 लाख की स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार, तीन आरोपी दबोचे गए

हल्द्वानी।  नैनीताल जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देशन में एसओजी और हल्द्वानी पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 221 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की कीमत करीब 66 लाख 30 हजार रुपये आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार, 14 अप्रैल 2026 को भोटिया पड़ाव क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास से भारी मात्रा में स्मैक, नगदी और अन्य उपकरण बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विजय सिंह नेगी (35 वर्ष), निवासी अल्मोड़ा (हाल निवासी हल्द्वानी) के रूप में हुई है।

आरोपी के खिलाफ कोतवाली हल्द्वानी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पहले भी मादक पदार्थ तस्करी के मामले दर्ज हैं।

बरामदगी में शामिल:

221 ग्राम स्मैक (कीमत करीब ₹66.30 लाख)

₹14,520 नगद

इलेक्ट्रॉनिक तराजू व मोबाइल फोन

इस सफल कार्रवाई पर एसएसपी द्वारा पुलिस टीम को 1500 रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

दो अन्य तस्कर भी गिरफ्तार:

ऑपरेशन प्रहार के तहत ही पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से दो और तस्करों को दबोचा। राजपुरा क्षेत्र से गुलशन (28 वर्ष) को 4.18 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया, जबकि वनभूलपुरा क्षेत्र से मेराज अली (45 वर्ष) को 11.72 ग्राम स्मैक के साथ पकड़ा गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं। मेराज अली के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं।

एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने स्पष्ट किया कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले नशा तस्करों के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” की नीति अपनाई जा रही है और यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी : मकान के कमरे से युवक का शव बरामद, इलाके में मचा हड़कंप
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.