हल्द्वानी। भारतीय जनता पार्टी की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक आज से हल्द्वानी में शुरू हो रही है। बैठक को लेकर भाजपा संगठन ने व्यापक तैयारियां की हैं।
प्रदेशभर से पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता इसमें शामिल होने के लिए हल्द्वानी पहुंच रहे हैं। कार्यसमिति में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी शिरकत करेंगे और पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
प्रदेश कार्यसमिति में हिस्सा लेने पहुंचे कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के संबोधन को लेकर प्रदेशभर के कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व का मार्गदर्शन संगठन के लिए महत्वपूर्ण है और उनके संबोधन से कार्यकर्ताओं को नई दिशा एवं ऊर्जा मिलेगी।
मदन कौशिक ने बताया कि दो दिवसीय बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, पार्टी की आगामी रणनीति और आने वाले चुनावों की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित संगठन है और लगातार जनता के बीच सक्रिय रहकर पार्टी अपनी नीतियों एवं सरकार की उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचा रही है।
उन्होंने दावा किया कि भाजपा उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार सरकार बनाकर हैट्रिक लगाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी का संगठन मजबूत है और कार्यकर्ताओं की मेहनत के दम पर आगामी राजनीतिक चुनौतियों का मजबूती से सामना किया जाएगा।
वहीं, कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा और पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने भी प्रदेश कार्यसमिति को संगठन के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया। नेताओं ने कहा कि इस तरह की बैठकों से संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करने और आगामी रणनीति तैयार करने का अवसर मिलता है।
भाजपा नेताओं के मुताबिक, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के मार्गदर्शन से प्रदेश के कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा। बैठक में संगठन की मजबूती, जनसंपर्क अभियान, आगामी चुनावों की तैयारियों और पार्टी के कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने जैसे मुद्दों पर मंथन होने की संभावना है।
हल्द्वानी में आयोजित हो रही इस प्रदेश कार्यसमिति को आगामी राजनीतिक तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
भाजपा नेतृत्व की कोशिश है कि प्रदेश संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाया जाए, ताकि आने वाले चुनावी मुकाबलों में पार्टी पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतर सके।





