13 अक्टूबर को निकलेगी भव्य श्रीराम बारात, डीएसए मैदान में भजन संध्या, आतिशबाजी और पुतला दहन का होगा आयोजन

नैनीताल। श्री राम सेवक सभा के सदस्यों की महत्वपूर्ण बैठक आज सभा भवन में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सभा के अध्यक्ष मनोज साह ने की, जबकि संचालन जगदीश बावरी ने किया। बैठक में आगामी श्री रामलीला महोत्सव तथा डीएसए मैदान में आयोजित होने वाले दशहरा महोत्सव की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही रामलीला महोत्सव को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया।

बैठक में निर्णय लिया गया कि 13 अक्टूबर को आयोजित होने वाली श्रीराम बारात में नगर के नागरिकों को अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जाएगा। श्री राम सेवक सभा की ओर से नागरिकों से इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन में सहभागिता की अपील की गई है।

वहीं, 9 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे सभा भवन में नागरिकों की बैठक भी आयोजित की जाएगी। बैठक में रामलीला महोत्सव और दशहरा आयोजन की व्यवस्थाओं को लेकर नागरिकों से सुझाव लिए जाएंगे तथा आयोजन को भव्य स्वरूप देने के लिए आवश्यक तैयारियों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

दशहरा महोत्सव में भजन संध्या, आतिशबाजी और पुतला दहन

बैठक में डीएसए मैदान में प्रस्तावित दशहरा महोत्सव को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। तय किया गया कि दशहरा महोत्सव के दौरान भजन संध्या, भव्य आतिशबाजी तथा रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। आयोजन को आकर्षक और गरिमामय बनाने के लिए सभा की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

दो वर्षों से चल रही रामलीला की तालीम

श्री राम सेवक सभा भवन में रामलीला मंचन की तैयारियों के तहत पिछले दो वर्षों से कलाकारों को तालीम दी जा रही है। रंगकर्मी मिथिलेश पांडे, गिरीश भट्ट, सतीश भट्ट और अजय कुमार के साथ ही युवराज सिंह, आनंद बिष्ट और राहुल कलाकारों को मंचन की बारीकियां सिखाने और तैयारियों में सहयोग कर रहे हैं।

इस वर्ष रामलीला मंचन में बालिकाओं की बड़ी संख्या में भागीदारी विशेष आकर्षण का केंद्र है। सभा के पदाधिकारियों ने कहा कि बालिकाओं का रामलीला में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना भगवान श्रीराम के प्रति उनकी आस्था और अनुराग को दर्शाने के साथ ही महिला सशक्तिकरण और बदलते सामाजिक परिवेश का सकारात्मक संदेश भी देता है।

पारंपरिक अस्त्र-शस्त्रों को दिया जा रहा आकर्षक स्वरूप

रामलीला के मंचन में प्रयोग होने वाले पारंपरिक पात्रों और सामग्री को भी सभा भवन में तैयार किया जा रहा है। कलाकारों के लिए धनुष-बाण, तलवार और मुद्गर आदि तैयार किए जा रहे हैं। इन अस्त्र-शस्त्रों को आकर्षक रूप देने और रंगों से सजाने का कार्य अध्यक्ष मनोज साह, अतुल साह, आनंद बिष्ट, विमल चौधरी, हीरा रावत और गोधन सिंह द्वारा किया जा रहा है।

सभा के सदस्यों ने कहा कि रामलीला केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि नैनीताल की समृद्ध सांस्कृतिक एवं सामाजिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसे नई पीढ़ी तक पहुंचाने और अधिक भव्य स्वरूप देने के लिए सभी सदस्य मिलकर कार्य कर रहे हैं।

बैठक में अशोक साह, गिरीश जोशी, मुकेश जोशी, विक्रम साह, मोहित लाल साह, हरीश राणा, हिमांशु जोशी, प्रदीप जेठी, दीप गुरुरानी, अमर साह, राजेंद्र लाल साह, राजेंद्र बजेठा, गोविंद सिंह, सानू साह, प्रो. ललित तिवारी सहित श्री राम सेवक सभा के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  उत्तराखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश मनोज कुमार गुप्ता को दी गई भावभीनी विदाई, बोले—नैनीताल और अधिवक्ताओं का स्नेह हमेशा याद रहेगा
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.