ब्रेकिंग न्यूज़

कालाढूंगी। नैनीताल जनपद के कालाढूंगी क्षेत्र के बैलपड़ाव चौकी अंतर्गत देर रात उस समय सनसनी फैल गई जब जमीनी विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते मामला फायरिंग तक पहुंच गया। घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बैलपोखरा क्षेत्र में लंबे समय से चल रहे भूमि विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो अचानक हिंसक झड़प में बदल गई। इसी दौरान एक पक्ष द्वारा कथित रूप से गोलियां चलाई गईं।

फायरिंग में एक पक्ष के दो लोगों को गोली लग गई, जिन्हें आनन-फानन में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार दोनों घायलों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही कालाढूंगी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने क्षेत्र में दबिश अभियान शुरू कर दिया है और आरोपियों की तलाश जारी है। मौके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

मामले को लेकर सुमित पाण्डेय (सीओ रामनगर) ने स्पष्ट कहा कि कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बैलपड़ाव और आसपास के क्षेत्रों में इन दिनों जमीन से जुड़े विवाद और लैंड फ्रॉड के मामलों में बढ़ोतरी हो रही है, जो चिंता का विषय बनता जा रहा है।

लोगों ने प्रशासन से ऐसे मामलों पर सख्ती से अंकुश लगाने की मांग की है ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  नैनीताल में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई भगवान विश्वकर्मा जयंती, मशीनों और औजारों की हुई विशेष पूजा-अर्चना

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.