ब्रेकिंग न्यूज़

सड़क किनारे खड़ी गाड़ी में मिले दो शव..सड़क किनारे खड़ी पिकअप बनी मौत का वाहन, अंदर मिले दो शव, इलाके में हड़कंप
अल्मोड़ा (भिकियासैंण)। भिकियासैंण क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क किनारे खड़ी एक पिकअप वाहन के अंदर दो लोगों के शव मिलने की सूचना सामने आई।

उत्तर प्रदेश के बिजनौर में पंजीकृत बताई जा रही इस पिकअप को ग्रामीणों ने संदिग्ध हालत में देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही भिकियासैंण पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू की। एसएसपी अल्मोड़ा देवेन्द्र पींचा ने बताया कि भिकियासैंण से लगभग 5 किलोमीटर दूर जैनल क्षेत्र में पिकअप (UP20CT0048) खड़ी मिली थी। ग्रामीणों के अनुसार वाहन एक दिन पहले रात करीब 3 बजे से वहीं खड़ा था।
सोमवार शाम करीब 6:30 बजे ग्रामीणों ने पास जाकर देखा तो वाहन के अंदर दो युवक अचेत अवस्था में पड़े मिले। पुलिस ने तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों को सीएचसी भिकियासैंण पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जांच के दौरान पिकअप के केबिन से दो कट्टे गेहूं बरामद हुए हैं। वहीं मृतकों की तलाशी में करीब ₹52 हजार नकद और एक पहचान पत्र मिला है, जिसमें नाम अलाउद्दीन पुत्र जमालउद्दीन, निवासी थाना ठाकुरद्वारा, मुरादाबाद दर्ज है। मृतकों की उम्र लगभग 40 से 45 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों और वाहन को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम व अन्य पहलुओं से जांच शुरू कर दी है।

घटना के बाद से क्षेत्र में सनसनी फैली हुई है और तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस का कहना है कि मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा।

यह भी पढ़ें :  कुमाऊं विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र डॉ. गिरीश चंद्र सिंह नेगी को ‘गिरि गंगा गौरव सम्मान’, कूटा ने दी बधाई

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.