पड़ोसी की बाइक मांगकर जीजा-साले पांच लाख रुपये की अफीम सप्लाई करने पहुंचे रूद्रपुर 

रुद्रपुर। पड़ोसी की बाइक मांगकर बरेली के जीजा-साले बुधवार देर रात पांच लाख रुपये की अफीम सप्लाई करने रुद्रपुर पहुंच गए। खमरिया तिराहे के पास चेकिंग के दौरान पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

उनके पास से 2.02 किलो अफीम बरामद की गई। पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। एएनटीएफ प्रभारी राजेश पांडेय ने बताया कि बुधवार देर रात एएनटीएफ किच्छा रोड पर खमरिया तिराहे के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी।

इस दौरान टीम को एक बाइक आती नजर आई। चेकिंग देख चालक हड़बड़ाते हुए बाइक को वापस मोड़ने लगा, लेकिन बाइक रपट गई। शक होने पर पुलिसकर्मियों ने बाइक सवार दो लोगों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से 2.02 किलो अफीम बरामद हुई।

बाइक चालक ग्राम खेड़ा थाना भमौरा जिला बरेली निवासी विवेक सक्सेना पुत्र सोहन लाल अपने जीजा आगरा थाना फरीदपुर जिला बरेली निवासी अरविंद सक्सेना पुत्र रामचन्द्र सक्सेना के साथ रुद्रपुर में अफीम सप्लाई करने आया था।

पूछताछ में आरोपी अरविंद ने बताया कि वह अपने पड़ोसी उमेश गुप्ता से बाइक मांगकर आए हैं। पुलिस ने बाइक को भी कब्जे में ले लिया है। वहीं उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

टीम में एएनटीएफ प्रभारी राजेश पांडेय, कौशल भाकुनी, भुवन पांडेय, दिनेश चंद्र, विनोद खत्री और कंचन चौधरी शामिल रहे।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  किराए के कमरे में चल रहा था देह व्यापार, पुलिस की छापेमारी में चार गिरफ्तार; व्हाट्सएप पर भेजी जाती थीं महिलाओं की तस्वीरें
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.