हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार, 25 सितंबर को एक दिवसीय जनपद भ्रमण पर हल्द्वानी पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने कार्यक्रम जारी कर दिया है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि उनके आगमन और प्रस्थान को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पूर्वाह्न 10:50 बजे लोहियाहेड हेलीपैड से प्रस्थान करेंगे। इसके बाद वह 11:10 बजे नगर निगम इंटर कॉलेज मैदान, काठगोदाम पहुंचेंगे।
काठगोदाम से मुख्यमंत्री 11:30 बजे होटल आईटीसी फॉर्च्यून वाकवे मॉल के लिए रवाना होंगे। यहां वह आयोजित जागरण फोरम कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न विषयों पर आयोजित चर्चा में शामिल होंगे।
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री धामी अपराह्न 1:20 बजे होटल आईटीसी फॉर्च्यून वाकवे मॉल से प्रस्थान करेंगे और 1:30 बजे नगर निगम इंटर कॉलेज मैदान, काठगोदाम पहुंचेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री अपराह्न 1:40 बजे काठगोदाम से देहरादून के लिए रवाना होंगे।
मुख्यमंत्री के अल्प अवधि के हल्द्वानी दौरे को देखते हुए प्रशासन और पुलिस स्तर पर भी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। उनके कार्यक्रम को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।





































