सड़क पर स्कूली बच्चों की मारपीट का वीडियो वायरल, SSP ने लिया तत्काल संज्ञान
वीडियो में दिख रहे बच्चों की हुई पहचान, थाना बुलाकर बच्चों, परिजनों और स्कूल प्रबंधन की काउंसलिंग; अभिभावकों पर पुलिस एक्ट में चालानी कार्रवाई
कालाढूंगी। सोशल मीडिया और मीडिया में कालाढूंगी क्षेत्र में सड़क के बीच स्कूली बच्चों के आपस में मारपीट करने का वीडियो वायरल होने के बाद नैनीताल पुलिस ने मामले का तत्काल संज्ञान लिया है। वायरल वीडियो सामने आने के बाद SSP नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने पूरे प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए थाना कालाढूंगी पुलिस को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
SSP के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक कालाढूंगी अरुण सैनी के नेतृत्व में पुलिस ने वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे बच्चों की पहचान कराई। पहचान के बाद संबंधित बच्चों और उनके परिजनों को थाना कालाढूंगी बुलाया गया। इसके साथ ही संबंधित स्कूल के प्रधानाचार्य और शिक्षकों को भी थाने बुलाकर पूरे घटनाक्रम के संबंध में जानकारी ली गई।
पुलिस ने बच्चों की काउंसलिंग करते हुए उन्हें सार्वजनिक स्थान पर इस तरह लड़ाई-झगड़ा नहीं करने की सख्त हिदायत दी। बच्चों को समझाया गया कि आपसी विवाद को हिंसा का रूप देने से न केवल कानून-व्यवस्था प्रभावित होती है, बल्कि सड़क पर मारपीट करने से राहगीरों और वाहन चालकों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है।
परिजनों और स्कूल प्रबंधन को भी दिए निर्देश
पुलिस ने संबंधित बच्चों के अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन को भी बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखने तथा उनमें अनुशासन और आपसी सौहार्द की भावना विकसित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि छोटी-छोटी बातों को लेकर होने वाले विवाद यदि समय रहते नियंत्रित न किए जाएं तो वे गंभीर घटनाओं का रूप ले सकते हैं।
पुलिस की ओर से बच्चों को कानून का सम्मान करने, सार्वजनिक स्थानों पर मर्यादित व्यवहार करने और किसी भी विवाद की स्थिति में हिंसा का रास्ता अपनाने के बजाय अभिभावकों, शिक्षकों अथवा पुलिस की मदद लेने के लिए समझाया गया।
अभिभावकों पर पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई
मामले में नैनीताल पुलिस ने केवल काउंसलिंग तक कार्रवाई सीमित नहीं रखी। बच्चों के परिजनों के विरुद्ध धारा 81 पुलिस एक्ट के अंतर्गत चालानी कार्रवाई भी की गई है। पुलिस ने कहा कि बच्चों के व्यवहार और गतिविधियों पर अभिभावकों की निगरानी भी महत्वपूर्ण है, इसलिए उन्हें भी अपनी जिम्मेदारी के प्रति जागरूक किया गया है।
नैनीताल पुलिस की अपील
नैनीताल पुलिस ने अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन से अपील की है कि वे बच्चों में अनुशासन, आपसी भाईचारे और कानून के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने में सहयोग करें। पुलिस ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर मारपीट, हुड़दंग या ऐसा कोई भी व्यवहार, जिससे यातायात और कानून-व्यवस्था प्रभावित हो, उसे किसी भी स्थिति में प्रोत्साहित नहीं किया जाना चाहिए।
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले ऐसे वीडियो को महज मनोरंजन के तौर पर साझा करने के बजाय अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन को बच्चों के व्यवहार को लेकर समय रहते आवश्यक कदम उठाने चाहिए।





































