अल्मोड़ा/पिथौरागढ़। अल्मोड़ा में आयोजित कांग्रेस की जनसभा से लौट रहे लोगों की कार बाड़ेछीना-सेराघाट मार्ग पर कांचुला पुल के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

हादसे में मुनस्यारी के पूर्व ब्लॉक प्रमुख कुंदन सिंह बथ्याल (55) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार गुरुवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की प्रस्तावित जनसभा के लिए पिथौरागढ़ समेत विभिन्न जिलों से कांग्रेस कार्यकर्ता अल्मोड़ा पहुंचे थे। सभा स्थगित होने के बाद मुनस्यारी निवासी पूर्व ब्लॉक प्रमुख कुंदन सिंह बथ्याल अपने साथियों गणेश कुमार (32) और भूपेंद्र प्रसाद (25) के साथ कार संख्या UK-04Y-2999 से वापस नाचनी लौट रहे थे।

बताया जा रहा है कि कांचुला पुल के समीप कार चालक कुंदन सिंह बथ्याल वाहन से नियंत्रण खो बैठे, जिससे कार करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। हादसे में कुंदन सिंह बथ्याल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दोनों अन्य सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।

संयोगवश घटनास्थल के पास मौजूद 108 एंबुलेंस के ईएमटी सुरेंद्र कुमार और चालक पुष्कर ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया। दोनों ने खाई में उतरकर घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर भेज दिया गया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद नाचनी, मुनस्यारी और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पूर्व मुख्यमंत्री Harish Rawat, विधायक Harish Dhami सहित कई कांग्रेस नेताओं ने शोक संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

कुंदन सिंह बथ्याल वर्ष 1979 से 1986 तक मुनस्यारी के ब्लॉक प्रमुख रहे थे। इसके बाद वह जिला पंचायत सदस्य भी रहे और लंबे समय तक सक्रिय राजनीति से जुड़े रहे। उनके निधन से क्षेत्र ने एक वरिष्ठ जनप्रतिनिधि को खो दिया है।

यह भी पढ़ें :  जौलजीबी मेले में हंगामा और तोड़फोड़ के मामले में विधायक हरीश धामी समेत छह के खिलाफ मुकदमा दर्ज

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.