ब्रेकिंग न्यूज़

अल्मोड़ा। जिले में साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ताजा मामले में साइबर ठगों ने फ्री फायर गेम में डायमंड बंडल दिलाने का लालच देकर पांचवी में पढ़ने वाले बच्चे को निशाना बनाया। ठगी का शिकार हुए परिवार के खाते से 98 हजार रुपये निकाल लिए गए।

मामला अल्मोड़ा कोतवाली क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार बांसभीड़ा चीनाखान निवासी एक व्यक्ति ने तहरीर देकर बताया कि उनकी पत्नी का एसबीआई चलनीछीना शाखा में बैंक खाता है। इस खाते से जुड़े मोबाइल फोन पर उनका बेटा ऑनलाइन गेम खेलता है।

बताया गया कि गेम खेलते समय बच्चे के पास किसी अज्ञात व्यक्ति का संदेश आया, जिसमें फ्री फायर गेम में डायमंड बंडल देने का झांसा दिया गया। ठग ने बच्चे को अपने झांसे में लेकर मोबाइल से कई प्रक्रियाएं करवाईं, जिसके बाद खाते से करीब 98 हजार रुपये निकाल लिए गए।

जब खाते से पैसे कटने के मैसेज आए तो परिवार को ठगी का पता चला। पीड़ित पिता की तहरीर पर अल्मोड़ा कोतवाली पुलिस ने अज्ञात साइबर ठग के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने अभिभावकों से बच्चों को ऑनलाइन गेम और अनजान लिंक से सतर्क रखने की अपील की है।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी के आरटीओ कार्यालय में कर्मचारियों के विवाद के दौरान चली गोली, अलमारी में लगी; आरोपी कर्मचारी फरार, पुलिस जांच में जुटी

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.