ब्रेकिंग न्यूज़

हल्द्वानी। शहर में साइबर ठगों ने लॉटरी का झांसा देकर एक व्यक्ति से 99,200 रुपये की ठगी कर ली। ठगों ने पहले भारतीय डाक के माध्यम से युवक के घर एक बंद लिफाफा भेजा, जिसमें लॉटरी का टिकट रखा हुआ था। इसके कुछ देर बाद ही अज्ञात नंबर से कॉल कर खुद को लॉटरी एजेंट बताकर युवक को अपने झांसे में ले लिया।

पीलीकाठी निवासी पीड़ित ने कुमाऊं साइबर क्राइम थाना में दी तहरीर में बताया कि उन्हें डाक से एक लिफाफा प्राप्त हुआ, जिसके अंदर लॉटरी का टिकट था। कुछ समय बाद उनके मोबाइल पर कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को राजू गुप्ता बताते हुए कहा कि उनकी 11.60 लाख रुपये की लॉटरी लग गई है। इनाम की राशि जारी करने के नाम पर आरोपी ने पहले एक प्रतिशत टैक्स जमा करने को कहा।

झांसे में आकर पीड़ित ने बताए गए मोबाइल नंबर पर 11,600 रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद जीएसटी और अन्य शुल्क के नाम पर अलग-अलग ट्रांजेक्शन में 23,200 रुपये, 23,200 रुपये और 41,200 रुपये एक अन्य नंबर पर भेज दिए। रकम ट्रांसफर होते ही आरोपी ने फोन उठाना बंद कर दिया, जिसके बाद पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ।

पीड़ित ने तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई, जहां से उन्हें शिकायत का एक्नॉलेजमेंट नंबर भी मिला। पीड़ित का आरोप है कि अज्ञात व्यक्ति ने खुद को लॉटरी एजेंट बताकर कंप्यूटर संसाधनों का उपयोग करते हुए आपराधिक षड्यंत्र के तहत उनसे 99,200 रुपये की साइबर धोखाधड़ी की।

पुलिस के अनुसार तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। साइबर क्राइम टीम ट्रांजेक्शन डिटेल्स और संबंधित मोबाइल नंबरों की जांच कर रही है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  नैनीताल में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई भगवान विश्वकर्मा जयंती, मशीनों और औजारों की हुई विशेष पूजा-अर्चना

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.