ब्रेकिंग न्यूज़

हल्द्वानी। वार्ड 19 रामपुर रोड क्षेत्र स्थित पर्वतीय मोहल्ला गली नंबर 11 फेस-2 में जर्जर सड़कों और बदहाल नालियों की समस्या को लेकर समाजसेवी विशाल वर्मा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र निर्माण कार्य कराने की मांग की है।

पूर्व पार्षद प्रत्याशी अंजलि वर्मा ने बताया कि वर्ष 2014 के बाद से क्षेत्र में सड़क और नालियों का निर्माण नहीं हुआ है। बरसात के दौरान नालियों का गंदा पानी घरों के अंदर घुस जाता है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बना रहता है। वहीं सड़कों की खराब स्थिति के कारण महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। क्षतिग्रस्त मार्गों के चलते आए दिन दुर्घटनाएं भी हो रही हैं।

समाजसेवी विशाल वर्मा ने बताया कि लंबे संघर्ष और आंदोलन के बाद वर्ष 2014 में 37 लाख रुपये तथा वर्ष 2025 में 28 लाख रुपये की धनराशि वार्ड 19 रामपुर रोड क्षेत्र के लिए स्वीकृत करवाई गई थी। इसके बावजूद कार्य पूर्ण रूप से धरातल पर नहीं उतर पाया।

उन्होंने बताया कि सड़कों और नालियों के पुनर्निर्माण की मांग को लेकर 7 दिसंबर 2024 को वे रामपुर रोड स्थित पानी की टंकी पर भी चढ़े थे। अब पुनः मुख्यमंत्री को ज्ञापन देकर पर्वतीय मोहल्ला फेस-2 में सड़क और नाली निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत करने की मांग की गई है।

स्थानीय लोगों ने भी शासन से शीघ्र कार्यवाही की अपेक्षा जताई है, ताकि क्षेत्रवासियों को मूलभूत सुविधाओं का लाभ मिल सके।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी में बंद मकानों की रेकी कर चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार; साथी फरार, दिन में बनते थे पेंटर, रात में करते थे चोरी!…
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.