देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड में विभिन्न विकास योजनाओं, निर्माण कार्यों और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए कुल ₹53.72 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।

मुख्यमंत्री के इस निर्णय से नैनीताल जिले के रामनगर में सीवरेज व्यवस्था के विस्तार, राजस्व अभिलेखागारों के आधुनिकीकरण, चमोली में देवराड़ी देवी मंदिर के सौंदर्यीकरण और देहरादून स्थित राज्य स्तरीय सैनिक विश्राम गृह के जीर्णोद्धार कार्यों को गति मिलेगी।

सबसे बड़ी वित्तीय स्वीकृति जनपद नैनीताल के रामनगर शहर की सीवरेज योजना के लिए प्रदान की गई है। मुख्यमंत्री ने रामनगर में सीवरेज योजना जोन-1 के अंतर्गत वर्तमान 7.0 एमएलडी सीवेज शोधन संयंत्र से संबंधित ट्रंक एवं शाखा सीवर निर्माण कार्यों के लिए ₹42.75 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति का अनुमोदन किया है।

इस परियोजना के पूरा होने से रामनगर शहर में सीवरेज व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। शहर की बढ़ती आबादी और भविष्य की आवश्यकताओं को देखते हुए सीवर नेटवर्क के विस्तार को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बेहतर सीवरेज व्यवस्था से स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी सकारात्मक परिणाम मिलने की उम्मीद है।

वहीं मुख्यमंत्री ने प्रदेश के राजस्व कार्यालयों और अभिलेखागारों के आधुनिकीकरण के लिए ₹10 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इस धनराशि का उपयोग राजस्व परिषद, मंडलायुक्त कार्यालयों, जिला कार्यालयों सहित अन्य राजस्व अभिलेखागारों के आधुनिकीकरण संबंधी कार्यों में किया जाएगा।

राजस्व अभिलेखों के संरक्षण और उनके आधुनिक प्रबंधन की दिशा में यह निर्णय महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे पुराने और महत्वपूर्ण राजस्व रिकॉर्ड को व्यवस्थित करने तथा कार्यालयों की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने में सहायता मिल सकती है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद चमोली के विधानसभा क्षेत्र कर्णप्रयाग में रानीगढ़ (देवल) स्थित आराध्य मां आदिशक्ति देवराड़ी देवी के पौराणिक मंदिर के सौंदर्यीकरण और मंदिर प्रांगण के विस्तार के लिए भी वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। कुल ₹98.28 लाख की स्वीकृत धनराशि के सापेक्ष प्रथम किश्त के रूप में ₹58.968 लाख की वित्तीय स्वीकृति का अनुमोदन किया गया है। इस संबंध में शासनादेश भी जारी कर दिया गया है।

मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण और विस्तार से स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ ही यहां पहुंचने वाले अन्य श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व के इस स्थल के विकास को क्षेत्र के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने देहरादून जिले के अंतर्गत राज्य स्तरीय सैनिक विश्राम गृह के जीर्णोद्धार के लिए अवशेष धनराशि ₹39 लाख की वित्तीय स्वीकृति का भी अनुमोदन किया है। सैनिक विश्राम गृह के जीर्णोद्धार के लिए कुल ₹142.89 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई थी, जिसके सापेक्ष शेष राशि जारी करने को मंजूरी दी गई है। इस संबंध में भी शासनादेश जारी किया जा चुका है।

स्वर्गीय अवतार सिंह के नाम पर होगा राज्य मार्ग

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद पौड़ी गढ़वाल के विधानसभा क्षेत्र लैंसडाउन अंतर्गत विकासखंड नैनीडांडा में स्थित स्वर्गीय जगमोहन सिंह नेगी राज्य मार्ग मोटर मार्ग का नाम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय श्री अवतार सिंह के नाम पर किए जाने के प्रस्ताव को भी अनुमोदन प्रदान कर दिया है।

लक्ष्मणझूला-दुगड्डा-रथुवाढ़ाब-धुमाकोट राज्य मार्ग से जुड़े इस मार्ग का नामकरण स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय अवतार सिंह के सम्मान में किया जाएगा। मुख्यमंत्री के इस निर्णय को स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान को सम्मान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री की ओर से विभिन्न विकास कार्यों के लिए दी गई इन वित्तीय स्वीकृतियों से प्रदेश के शहरी बुनियादी ढांचे, प्रशासनिक व्यवस्थाओं, धार्मिक स्थलों और सैनिक सुविधाओं के विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  भीमताल ब्लॉक की ग्राम पंचायतों में खरीदी जाएंगी आपदा किट, जलजनित रोगों की रोकथाम के लिए तेज होगी जांच

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.