धारी ब्लॉक के ग्राम कौल की भगवती देवी ने जताया आभार, वर्षों से अवैध कब्जे में थी पैतृक भूमि

हल्द्वानी।  जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की संवेदनशील पहल और त्वरित कार्रवाई के चलते विकासखंड धारी के ग्राम कौल निवासी भगवती देवी पत्नी स्वर्गीय दीवान राम को उनकी पैतृक भूमि पर न्याय मिला है। वर्षों से भू-माफियाओं के अवैध कब्जे में रही करीब 25 नाली भूमि को प्रशासन ने अतिक्रमण मुक्त कराकर महिला को दोबारा कब्जा सौंप दिया।

जानकारी के अनुसार, भगवती देवी की पैतृक भूमि पर लंबे समय से भू-माफियाओं ने अवैध कब्जा कर रखा था। पीड़िता ने कई बार संबंधित अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने अपनी समस्या सीधे जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के समक्ष रखी।

मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेजकर जांच के निर्देश दिए। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर जिलाधिकारी के निर्देश पर राजस्व विभाग और संबंधित अधिकारियों की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए करीब 25 नाली भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया और उसका विधिवत कब्जा भगवती देवी को सौंप दिया।

भूमि वापस मिलने के बाद भगवती देवी ने जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लंबे समय बाद उन्हें न्याय मिला है। उन्होंने प्रशासन की इस कार्रवाई को गरीब और असहाय लोगों के लिए बड़ी राहत बताया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने स्पष्ट कहा कि गरीब, असहाय और पीड़ित लोगों की भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भू-माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और ऐसे मामलों में त्वरित न्याय सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि आमजन का प्रशासन पर विश्वास और मजबूत हो।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी में संदिग्ध हालत में मिला युवक का शव, इलाके में मचा हड़कंप

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.