ब्रेकिंग न्यूज़

वीकेंड/NEET परीक्षा के दृष्टिगत (शनिवार व रविवार) को हल्द्वानी-काठगोदाम क्षेत्र में पर्यटक एवं भारी वाहनों हेतु यातायात/डायवर्जन प्लान

हल्द्वानी। आगामी 20 एवं 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली NEET परीक्षा तथा वीकेंड के दौरान पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने हल्द्वानी-काठगोदाम क्षेत्र के लिए विशेष यातायात एवं डायवर्जन प्लान जारी किया है। यह व्यवस्था दोनों दिन प्रातः 09:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक प्रभावी रहेगी।

यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रातः 06:00 बजे से रात्रि 11:00 बजे तक भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। पर्वतीय क्षेत्रों से हल्द्वानी आने वाले भारी मालवाहक वाहनों को जनपद सीमा पर ही रोका जाएगा, जबकि जनपद के भीतर से आने वाले वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़ा कराया जाएगा।

मैदानी क्षेत्रों से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले भारी वाहनों को गोलापार, खेड़ा चौकी और लामाचौड़ क्षेत्रों में रोका जाएगा। वहीं पर्यटक वाहनों के लिए विशेष डायवर्जन व्यवस्था लागू की गई है। बरेली रोड से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहन तीनपानी फ्लाईओवर से गोलापार रोड होते हुए नारीमन तिराहा काठगोदाम के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।

रुद्रपुर की ओर से आने वाले पर्यटक वाहनों को पंतनगर-लालकुआं मार्ग से होकर गोलापार रोड के जरिए भेजा जाएगा। रामनगर और बाजपुर से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहनों को कालाढूंगी-नैनीताल तिराहे से मंगोली मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

प्रशासन ने आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों जैसे सब्जी, दूध और ईंधन वाहनों के लिए भी समय दोपहर 12:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक प्रतिबंध लागू किया है।

इसके अतिरिक्त 20 और 21 जून को शाम 04:00 बजे से रात 09:00 बजे तक भवाली मस्जिद तिराहा एवं नैनीताल से मैदानी क्षेत्रों की ओर लौटने वाले पर्यटक वाहनों को नंबर-01 बैंड और रूसी बाईपास द्वितीय से डायवर्ट कर रूसी बाईपास प्रथम होते हुए मंगोली और कालाढूंगी मार्ग से भेजा जाएगा।

पुलिस प्रशासन ने आमजन और पर्यटकों से यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने हेतु निर्धारित रूट प्लान का पालन करने की अपील की है।

यह भी पढ़ें :  कुमाऊं विश्वविद्यालय प्रशासन और छात्र प्रतिनिधिमंडल के बीच वार्ता में बनी सहमति, छूटे आंतरिक व प्रायोगिक अंकों के लिए भी होगी परीक्षा
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.