ब्रेकिंग न्यूज़

पदमपुरी–धारी मोटर मार्ग पर खराब सड़कें बनी हादसों का कारण, स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश

भीमताल। भीमताल विधानसभा क्षेत्र में सड़कों की बदहाल स्थिति को लेकर लोगों में लगातार नाराज़गी बढ़ती जा रही है।

हालात ऐसे हैं कि यह समझ पाना मुश्किल हो गया है कि सड़क में गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क। 

स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले कई वर्षों से क्षेत्र की अधिकांश सड़कों की स्थिति बेहद खराब बनी हुई है और इन खस्ताहाल सड़कों के कारण कई लोग सड़क हादसों में अपनी जान तक गंवा चुके हैं।

इन परिस्थितियों से आहत होकर राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरू ने प्रशासन को कई बार ज्ञापन और धरना-प्रदर्शन के माध्यम से चेताया, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने खुद सड़कों के गड्ढे भरने का काम शुरू कर दिया।

इसी क्रम में आज उन्होंने पदमपुरी–धारी मोटर मार्ग पर मौजूद बड़े-बड़े गड्ढों को अपने साथियों के साथ भरने का कार्य किया।

हरीश पनेरू ने आरोप लगाया कि क्षेत्र के विधायक एवं कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा अपने गृह क्षेत्र की लगातार अनदेखी कर रहे हैं, जबकि हल्द्वानी स्थित उनके आवास के आसपास की सड़कों को प्राथमिकता देकर ठीक किया जाता है।

उन्होंने कहा कि भीमताल क्षेत्र के वाहन चालक रोजाना इन गड्ढों से जूझ रहे हैं और आए दिन दुर्घटनाओं में घायल हो रहे हैं।

यदि जल्द ही सड़कों को गड्ढा मुक्त नहीं किया गया, तो क्षेत्र की जनता के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

उन्होंने यहां तक चेतावनी दी कि जरूरत पड़ी तो अधिकारियों का घेराव कर उन्हें कार्यालयों में बंद किया जाएगा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़कें विकास का आईना होती हैं, लेकिन भीमताल क्षेत्र की सड़कों की हालत सरकार के दावों पर सवाल खड़े कर रही है। 

Advertisement
यह भी पढ़ें :  न्यूनतम वेतन, पेंशन और नियमितीकरण की मांग को लेकर आशा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.