हल्द्वानी। भारतीय जनता पार्टी की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक आज से हल्द्वानी में शुरू हो रही है। प्रदेशभर से पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता इस बैठक में हिस्सा लेने पहुंच रहे हैं। प्रदेश कार्यसमिति में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी शिरकत करेंगे। उनके आगमन और संबोधन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
प्रदेश कार्यसमिति में हिस्सा लेने हल्द्वानी पहुंचे कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के संबोधन को लेकर पूरे प्रदेश के कार्यकर्ताओं में उत्साह है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व का मार्गदर्शन संगठन को नई दिशा और मजबूती प्रदान करेगा।
मदन कौशिक ने कहा कि दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति के दौरान संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, बूथ स्तर तक पार्टी की गतिविधियों को प्रभावी करने तथा आगामी चुनावों की रणनीति समेत कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा एक मजबूत संगठनात्मक ढांचे के साथ जनता के बीच लगातार सक्रिय है और सरकार की नीतियों व विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का काम किया जा रहा है।
कैबिनेट मंत्री ने विश्वास जताया कि भारतीय जनता पार्टी उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव में भी शानदार प्रदर्शन करेगी। उन्होंने दावा किया कि भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाकर प्रदेश में जीत की हैट्रिक लगाएगी।
वहीं, कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने भी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संगठनात्मक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के मार्गदर्शन और वरिष्ठ नेताओं के अनुभव से पार्टी कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा मिलेगी। कार्यसमिति में प्रदेश के राजनीतिक और संगठनात्मक मुद्दों के साथ ही भविष्य की चुनौतियों से निपटने की रणनीति पर भी मंथन किया जाएगा।
पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने कहा कि प्रदेश कार्यसमिति भाजपा संगठन का एक महत्वपूर्ण मंच है, जहां पार्टी की आगामी रणनीति और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर व्यापक चर्चा होती है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के मार्गदर्शन से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा और संगठन आगामी चुनौतियों के लिए और अधिक मजबूती के साथ तैयार होगा।
हल्द्वानी में आयोजित इस दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति को आगामी राजनीतिक गतिविधियों के लिहाज से भी काफी अहम माना जा रहा है। बैठक के दौरान प्रदेश सरकार के कार्यों, संगठन के विस्तार, बूथ प्रबंधन और आने वाले चुनावों की तैयारियों को लेकर पार्टी के वरिष्ठ नेता कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश दे सकते हैं।
भाजपा नेताओं का कहना है कि प्रदेश कार्यसमिति के माध्यम से संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सक्रिय किया जाएगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष के संबोधन के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं को आगामी चुनावी चुनौतियों के लिए नई रणनीति और स्पष्ट दिशा मिलने की उम्मीद है।




