हल्द्वानी। कुमाऊं विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति एवं देश के प्रख्यात शिक्षाविद् प्रो. नागेश्वर राव को राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (NAAC), बेंगलुरु की कार्यकारी समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनकी इस महत्वपूर्ण नियुक्ति पर कुमाऊं विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (कूटा) ने हर्ष व्यक्त करते हुए इसे उच्च शिक्षा जगत के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है।

प्रो. नागेश्वर राव ने जुलाई 2018 से जुलाई 2024 तक इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू), नई दिल्ली के कुलपति के रूप में सफलतापूर्वक अपनी सेवाएं दीं। शिक्षा, शोध और उच्च शिक्षा प्रशासन के क्षेत्र में उनके लंबे अनुभव और योगदान को देखते हुए उन्हें देश की प्रतिष्ठित संस्था NAAC की कार्यकारी समिति का अध्यक्ष बनाए जाने को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी माना जा रहा है।

प्रो. राव का शैक्षणिक और प्रशासनिक अनुभव अत्यंत समृद्ध रहा है। वे केंद्रीय हिंदी निदेशालय के निदेशक, भारतीय उन्नत अध्ययन संस्थान के निदेशक, उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति तथा उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय के निदेशक सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा वे कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति के रूप में भी अपनी उल्लेखनीय भूमिका निभा चुके हैं।

कुमाऊं विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (कूटा) ने उनकी नियुक्ति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रो. राव के नेतृत्व में NAAC की गुणवत्ता मूल्यांकन प्रणाली को और अधिक मजबूती मिलेगी तथा देश में उच्च शिक्षा संस्थानों के शैक्षणिक स्तर को नई दिशा प्राप्त होगी।

कूटा की ओर से अध्यक्ष प्रो. ललित तिवारी, प्रो. नीलू, डॉ. दीपक कुमार, डॉ. युगल जोशी, डॉ. संतोष कुमार, डॉ. कुबेर गिनती, डॉ. शिवांगी, डॉ. अनिल बिष्ट, डॉ. दीपिका गोस्वामी, डॉ. अशोक कुमार तथा एलुमनी सेल के अध्यक्ष डॉ. बी.एस. कालाकोटी, डॉ. ज्योति कांडपाल, डॉ. रितेश साह, डॉ. मीना पांडे, डॉ. निशा, डॉ. भुवन आर्य, डॉ. नंदन मेहरा और हरीश राणा सहित अन्य शिक्षकों ने प्रो. नागेश्वर राव को शुभकामनाएं एवं बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  2270 नशीले टैबलेट के साथ एमआर गिरफ्तार, पुलिस की बड़ी कामयाबी

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.