ब्रेकिंग न्यूज़

रामनगर। क्षेत्र में एक चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां एक युवती ने संदिग्ध परिस्थितियों में कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया। घटना के बाद उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है। प्रारंभिक तौर पर मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार सुबह नेशनल हाईवे-309 स्थित रामनगर-काशीपुर मार्ग के भवानीगंज इलाके की है। यहां युवती ने कीटनाशक दवा पी ली और मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ी। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ तो जुटी, लेकिन किसी ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाने की पहल नहीं की, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।

इसी दौरान स्थानीय सभासद प्रतिनिधि जफर को सूचना मिली। वह तुरंत मौके पर पहुंचे और एक महिला की मदद से युवती को 108 एंबुलेंस के जरिए रामनगर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार जारी है।

सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस भी सक्रिय हो गई। वरिष्ठ उपनिरीक्षक महेंद्र प्रसाद और महिला उपनिरीक्षक राजकुमारी अस्पताल पहुंचे और युवती से जानकारी जुटाई।

सूत्रों के मुताबिक, घटना से पहले युवती भवानीगंज स्थित एक शोरूम के बाहर गई थी, जहां काशीपुर निवासी एक युवक कार्यरत है। दोनों के बीच प्रेम संबंध की बात सामने आई है और घटना से पहले फोन पर किसी बात को लेकर विवाद हुआ था।

पुलिस ने युवती के परिजनों को सूचना दे दी है और संबंधित युवक की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है, ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। फिलहाल युवती की स्थिति गंभीर बनी हुई है और पुलिस मामले पर नजर बनाए हुए है।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी में धूमधाम से मनाई गई जन्माष्टमी, राधा-कृष्ण के रूप में सजे नन्हे-मुन्नों ने मोहा मन
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.