ब्रेकिंग न्यूज़

हल्द्वानी। श्री सिद्धेश्वर महादेव रामलीला के ग्यारहवें एवं अंतिम दिन अहिरावण वध, रावण वध और श्रीराम राज्याभिषेक की लीला का भव्य मंचन किया गया। पूज्य नान्तिन महाराज के प्रांगण में आयोजित रामलीला के अंतिम दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं दर्शक पहुंचे। देर रात तक चले मंचन के दौरान कलाकारों ने अपने शानदार अभिनय से दर्शकों को भावविभोर कर दिया।

रामलीला के अंतिम दिवस का शुभारंभ श्री गणेश स्तुति एवं श्रीराम वंदना के साथ विधिवत पूजा-अर्चना से हुआ। इसके बाद भगवान श्रीराम और रावण की सेना के बीच युद्ध तथा अहिरावण प्रसंग का मंचन किया गया। अहिरावण द्वारा श्रीराम और लक्ष्मण को पाताल लोक ले जाने तथा इसके बाद भगवान हनुमान द्वारा उनका उद्धार किए जाने की लीला को कलाकारों ने प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

इसके पश्चात रावण वध का मंचन हुआ। भगवान श्रीराम द्वारा रावण का वध किए जाने के दृश्य के साथ ही बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश दिया गया। रावण वध के बाद श्रीराम के अयोध्या लौटने और श्रीराम राज्याभिषेक की लीला का मंचन किया गया। इसी के साथ ग्यारह दिनों से चल रही श्री सिद्धेश्वर महादेव रामलीला का विधिवत समापन हो गया।

अहिरावण के अभिनय ने मोहा दर्शकों का मन

अंतिम दिन अहिरावण का किरदार एडवोकेट विनोद जोशी ने निभाया, जबकि रावण की भूमिका महेश कोटिया ने निभाई। अहिरावण के रूप में विनोद जोशी के प्रभावशाली अभिनय को दर्शकों ने खूब सराहा। उनके संवाद, अभिनय और मंच प्रस्तुति ने दर्शकों को देर तक बांधे रखा। रावण की भूमिका में महेश कोटिया ने भी दमदार अभिनय प्रस्तुत किया।

समापन दिवस पर रामलीला देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। पूरे आयोजन स्थल पर उत्सव जैसा माहौल रहा और दर्शकों ने कलाकारों के अभिनय पर तालियों के साथ उत्साहवर्धन किया।

आज हवन-पूजन के बाद होगा विशाल भंडारा

ग्यारह दिनों तक चली रामलीला के समापन के बाद 22 सितंबर मंगलवार को हवन-पूजन एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों ने श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों से भंडारे में पहुंचकर प्रसाद ग्रहण करने की अपील की है। आयोजन समिति की ओर से रामलीला के सफल संचालन में सहयोग देने वाले सभी कलाकारों, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया गया।

इस अवसर पर राजेंद्र सिंह बिष्ट, विनोद जोशी, नित्यानंद जोशी, घनश्याम शर्मा, बीएस कुलश्रेष्ठ, चंद्रशेखर सनवाल, नरेंद्र कुलश्रेष्ठ, प्रकाश बेलवाल, राजेंद्र नेगी, गणेश जोशी, मनोज पांडेय, बीसी पंत, देवेंद्र तिवारी, अनिल पंत, गोविंद सिंह चुफाल, जगत सिंह चम्याल, मोहित बृजवासी, लाला राम सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  मुख्यमंत्री धामी के जन्मदिन पर भीमताल में मंत्री राम सिंह कैड़ा ने लगाया रक्तदान शिविर, दर्जनो लोगो ने किया रक्तदान

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.