ब्रेकिंग न्यूज़

नैनीताल। क्षेत्र के सूर्यागांव में गुलदार के हमले से एक महिला की दर्दनाक मौत का मामला सामने आया है, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।

मृतका की पहचान हंसी देवी (पत्नी लाल सिंह सूर्या) के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, हंसी देवी शुक्रवार दोपहर अपने घर के पास जंगल में घास काटने के लिए गई थीं। देर शाम तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उनकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद उनका शव जंगल क्षेत्र में मिला। शव की स्थिति से स्पष्ट हुआ कि उन पर गुलदार ने हमला किया था।

घटना के बाद क्षेत्र में भय का माहौल है और ग्रामीणों ने वन विभाग से त्वरित कार्रवाई की मांग की है।

इस दुखद घटना पर अजय भट्ट, पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं नैनीताल सांसद, ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने प्रशासन और वन विभाग के अधिकारियों से बातचीत कर तत्काल आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।

सांसद ने जिलाधिकारी और डीएफओ को प्रभावित क्षेत्र में पिंजरा लगाने, गुलदार को पकड़ने के प्रयास तेज करने तथा पीड़ित परिवार को शीघ्र मुआवजा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

प्रशासन और वन विभाग की टीमें मौके पर सक्रिय हो गई हैं और इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  नंदा महोत्सव में विविध कार्यक्रमों ने बांधा समां, पंच आरती में न्यायमूर्ति मैठाणी समेत गणमान्य लोगों ने की आरती

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.