नैनीताल से हल्द्वानी आ रही रुद्रपुर डिपो की रोडवेज बस (UK 06 PA 1727) ब्रेक में खराबी के बावजूद 30 किलोमीटर तक दौड़ती रही। रानीबाग पहुंचते ही बस ने बेकाबू होकर तीन वाहनों को टक्कर मार दी। हैंड ब्रेक खींच कर किसी तरह गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।

घटना आज सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे की है। डीजीसी सुशील शर्मा और नगर पालिका के पूर्व उपाध्यक्ष डीएन भट्ट नैनीताल से हल्द्वानी जाने के लिए बस में सवार हुए। भट्ट ड्राइवर के ठीक बगल वाली सीट पर बैठे थे और उन्हें शुरुआत से ही ब्रेक में गड़बड़ी का आभास हुआ।

ड्राइवर की पत्नी को कॉल से खुली पोल – 
भट्ट के मुताबिक, “बस भुजियाघाट के पास थी जब ड्राइवर के पास एक कॉल आया। संभवतः उसकी पत्नी का था। उसने कहा कि ब्रेक ठीक नहीं हैं, इंचार्ज को बता दिया है और ये उसका आज का आखिरी फेरा है। गाड़ी वर्कशॉप जाएगी और वह सीधे घर जाएगा।”

रानीबाग में भीमताल मोड़ से करीब 20 मीटर पहले ब्रेक पूरी तरह फेल हो गए। बस ने पहले एक बाइक को टक्कर मारी, फिर दो कारों को क्षतिग्रस्त करते हुए किसी तरह हैंडब्रेक खींचकर रोकी गई। इस दौरान एक पुलिसकर्मी भी चपेट में आ गया, जिसे हल्की चोटें आईं।

घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। अन्य वाहन चालकों ने विरोध जताया, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने ड्राइवर को हिरासत में ले लिया।
रुद्रपुर डिपो के एजीएम केएस राणा ने कहा कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है और जांच के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।

वहीं एसपी सिटी प्रकाश चंद्र ने भी कहा कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है और जांच के बाद ही कदम उठाए जाएंगे। ये घटना एक बार फिर सवाल खड़े करती है—क्या रोडवेज में खराब बसें जानबूझकर सड़कों पर चलाई जा रही हैं? 

Advertisement
यह भी पढ़ें :  UKSSSC भर्ती परीक्षाओं को बड़ा झटका: जूनियर असिस्टेंट से असिस्टेंट अकाउंटेंट तक की परीक्षाएं स्थगित, नई तारीखों का इंतजार
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.