ब्रेकिंग न्यूज़

हल्द्वानी। भैरव चौक पर पहाड़ी आर्मी का धरना लगातार सातवें दिन भी जारी रहा। जिलाध्यक्ष राजेंद्र कांडपाल के नेतृत्व में चल रहे इस धरने में पीड़ित परिवार ने एक बार फिर न्याय की गुहार लगाई, लेकिन अब तक न तो सरकार की ओर से कोई ठोस पहल हुई और न ही प्रशासन ने कोई संज्ञान लिया है।

धरने पर बैठे पीड़ितों का कहना है कि वे रोज न्याय की पुकार लगा रहे हैं, लेकिन उनकी आवाज न तो सरकार तक पहुंच पा रही है और न ही संबंधित अधिकारियों तक। पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस और प्रशासन के बड़े अधिकारी धरना स्थल से गुजरते जरूर हैं, लेकिन उन्हें उनका दर्द दिखाई नहीं देता।

पीड़ितों ने बताया कि वर्ष 2019 में कोरोना काल के दौरान एक बिल्डिंग में आग लगने के बाद उनकी दुकान और मकान को केवल मरम्मत के नाम पर खाली कराया गया था, जबकि बाद में उसी संपत्ति को अन्य लोगों को बेच दिया गया।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वर्ष 2023 में कुमाऊं आयुक्त और विकास प्राधिकरण के सचिव द्वारा नजूल भूमि पर बने मकानों को गिराने के आदेश दिए जाने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

धरने में आज जिलाध्यक्ष राजेंद्र कांडपाल के साथ दीपा बोरा, हेमा कांडपाल, मोहन बोरा, दीपक, संजय आर्य, बसंत बिष्ट, प्रेमा मेर, कविता जीना, जीता बिष्ट सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे। पीड़ित परिवार ने चेतावनी दी है कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलेगा, उनका आंदोलन इसी तरह जारी रहेगा।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  नैनीताल में मां नंदा-सुनंदा अपने दरबार में विराजमान, ब्रह्म मुहूर्त में प्राण प्रतिष्ठा के बाद होंगे दर्शन
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.