चोरगलिया से लापता तीन बालिकाएं हिमाचल के बद्दी से सकुशल बरामद, CCTV-सर्विलांस से नैनीताल पुलिस को मिला सुराग
SSP डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर विशेष टीम ने चोरगलिया से हिमाचल तक खंगाले रास्ते, नौकरी की तलाश में घर से निकली थीं तीनों बालिकाएं
हल्द्वानी/चोरगलिया। चोरगलिया क्षेत्र से लापता हुई तीन बालिकाओं को नैनीताल पुलिस ने लगातार किए गए प्रयासों के बाद हिमाचल प्रदेश के बद्दी क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने CCTV फुटेज, तकनीकी निगरानी और सर्विलांस के माध्यम से बालिकाओं की लोकेशन का पता लगाया और उन्हें सुरक्षित वापस लाकर परिजनों के सुपुर्द किया। तीनों में दो नाबालिग और एक बालिग शामिल थीं।
जानकारी के अनुसार, 18 सितंबर 2026 को चोरगलिया निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी कि उनकी दो पुत्रियां सुबह करीब 7 बजे स्कूल जाने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने स्कूल और आसपास के क्षेत्रों में तलाश की तो पता चला कि दोनों बालिकाएं स्कूल पहुंची ही नहीं थीं। तलाश के दौरान यह भी सामने आया कि एक अन्य बालिका भी उनके साथ गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना चोरगलिया में FIR संख्या 45/2026, धारा 140(3) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने तत्काल गुमशुदा बालिकाओं की सूचना जिले के सभी थानों और DCRB नैनीताल को भेजी। इसके साथ ही RT सेट और सोशल मीडिया के माध्यम से भी सूचना प्रसारित कर तलाश तेज की गई।
SSP ने तत्काल लिया संज्ञान, गठित की विशेष टीम
महिला एवं बालिका सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने मामले का तत्काल संज्ञान लिया और तीनों बालिकाओं की सकुशल बरामदगी के लिए विशेष पुलिस टीम गठित करने के निर्देश दिए।
एसपी सिटी मनोज कत्याल और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण में तथा थानाध्यक्ष चोरगलिया तारा सिंह राणा और SOG प्रभारी मोहन सिंह सोन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर तलाश शुरू की।
CCTV फुटेज से मिला अहम सुराग
पुलिस टीम ने चोरगलिया, हल्द्वानी, काठगोदाम, रुद्रपुर सहित विभिन्न स्थानों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में तीनों बालिकाएं एक साथ जाती हुई दिखाई दीं। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी निगरानी और सर्विलांस की मदद से उनकी संभावित लोकेशन को ट्रेस करना शुरू किया।
लगातार प्रयास और तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस टीम को बालिकाओं के हिमाचल प्रदेश में होने की जानकारी मिली। इसके बाद टीम ने बद्दी क्षेत्र तक पहुंचकर 24 सितंबर 2026 को तीनों बालिकाओं को सकुशल बरामद कर लिया।
नौकरी की तलाश में घर से निकली थीं बालिकाएं
पुलिस के अनुसार पूछताछ में बालिकाओं ने बताया कि वे नौकरी की तलाश में घर से बाहर गई थीं। पुलिस की पूछताछ और जांच में फिलहाल किसी प्रकार की अनहोनी सामने नहीं आई है। तीनों बालिकाओं को सुरक्षित बरामद करने के बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी की गई।
पुलिस ने बालिकाओं की काउंसलिंग भी की। वहीं, नाबालिग बालिकाओं को BNSS की धारा 183 के तहत मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान के लिए प्रस्तुत कराया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
बेटियों के घर लौटने से परिजनों के चेहरे खिले
कई दिनों से अपनी बेटियों की तलाश में परेशान परिजनों को जब पुलिस ने तीनों के सकुशल बरामद होने की सूचना दी तो उनकी चिंता खुशी में बदल गई। बेटियों को सुरक्षित अपने बीच पाकर परिजनों ने नैनीताल पुलिस की त्वरित कार्रवाई, संवेदनशीलता और लगातार किए गए प्रयासों के लिए आभार जताया।
बरामदगी करने वाली पुलिस टीम
तारा सिंह राणा, थानाध्यक्ष चोरगलिया
उपनिरीक्षक गौरव जोशी, थाना लालकुआं
अपर उपनिरीक्षक मनजीत सिंह, थाना चोरगलिया
कांस्टेबल मुस्तफा अंसारी, थाना चोरगलिया
कांस्टेबल भूपेन्द्र ज्येष्ठा, SOG नैनीताल
महिला कांस्टेबल सुमन राणा, थाना चोरगलिया
नैनीताल पुलिस ने कहा कि महिला एवं बालिका सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए गुमशुदा महिलाओं और बच्चों की तलाश के लिए आगे भी प्रभावी एवं त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।





































