ब्रेकिंग न्यूज़

हल्द्वानी। शहर की होनहार खिलाड़ी भार्गवी रावत ने मॉडर्न पेंटाथलोन की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन स्वर्ण पदक अपने नाम किए हैं।

उनकी इस उपलब्धि से परिवार, क्षेत्र और खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है।

गोविंदपुरम बिठोरिया नंबर-1 निवासी भार्गवी रावत, श्री दीपक रावत और श्रीमती मोनी रावत की पुत्री हैं। हाल ही में आयोजित राज्य स्तरीय मॉडर्न पेंटाथलोन प्रतियोगिता में उन्होंने लेजर रन, बाइथले और ट्राईथले तीनों स्पर्धाओं में गोल्ड मेडल जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

भार्गवी के उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है।

अब वह 31 मई से 4 जून तक अहमदाबाद में आयोजित होने वाली नेशनल मॉडर्न पेंटाथलोन प्रतियोगिता में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी।

इससे पहले भी भार्गवी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखा चुकी हैं।

10 से 16 मई तक इंडोनेशिया में आयोजित मॉडर्न पेंटाथलोन एशियन चैंपियनशिप में उन्होंने भारत का प्रतिनिधित्व किया था, जहां उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए 11वां स्थान प्राप्त किया।

कम उम्र में लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर रही भार्गवी की सफलता से क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को नई प्रेरणा मिल रही है।

परिवारजनों और स्थानीय लोगों ने उनकी इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

यह भी पढ़ें :  नैनीताल बैंक के मूल बैंक में विलय का मुद्दा सांसद अनिल बलूनी के समक्ष उठा, NBOA प्रतिनिधिमंडल ने रखी संगठन की मांग
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.