बारात की खुशियां मातम में बदली, दूल्हे समेत 8 की दर्दनाक मौत

एक घर जहां शहनाई की गूंज होनी थी, वहां अब मातम पसरा है. उत्तर प्रदेश के संभल में एक ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ जिसने शादी की खुशियों को हमेशा के लिए छीन लिया।

दूल्हे को लेकर जा रही एक तेज रफ्तार बोलेरो कार बेकाबू होकर दीवार से टकरा गई. टक्कर इतनी भयानक थी कि दूल्हे समेत आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

यह घटना शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे मेरठ-बदायूं रोड पर हुई. संभल के हरगोविंदपुर गांव के रहने वाले सूरज पाल (20 साल) की बारात बदायूं के सिरसौल गांव जा रही थी।

बारात की बाकी गाड़ियां तो आगे निकल चुकी थीं, लेकिन जिस बोलेरो में दूल्हा खुद बैठा था, वह पीछे रह गई. इस गाड़ी में दूल्हे समेत कुल 10 लोग सवार थे।

अचानक हुआ तेज धमाका और बिछ गईं लाशें

रास्ते में जुनावई के पास जनता इंटर कॉलेज की दीवार से यह बोलेरो बेकाबू होकर टकरा गई. एक चश्मदीद ने बताया कि कार की रफ्तार बहुत तेज थी. उसने कार को पलटते हुए देखा और फिर एक ज़ोरदार धमाके की आवाज़ आई. टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए।

गाड़ी में सवार सभी लोग बुरी तरह फंस गए. आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े, लेकिन गाड़ी इतनी पिचक गई थी कि दरवाज़े हाथ से नहीं खुल रहे थे. बाद में क्रेन और जेसीबी की मदद से गाड़ी के गेट तोड़कर घायलों और मृतकों को बाहर निकाला गया।

एक ही झटके में उजड़ गया परिवार

इस भयानक हादसे में दूल्हे सूरज पाल की जान चली गई. उसके साथ ही उसकी अपनी बहन कोमल (15), चाची आशा (26), नन्ही चचेरी बहन एश्वर्या (3), चचेरे मामा सचिन (22) और उनकी पत्नी मधु (20) की भी मौत हो गई।

सचिन के 2 साल के बेटे गणेश और ड्राइवर रवि ने भी इस हादसे में अपनी जान गंवा दी. गाड़ी में सवार दो अन्य लोग, हिमांशी और देवा, गंभीर रूप से घायल हैं और उनका अलीगढ़ के अस्पताल में इलाज चल रहा है।

शादी के लिए राजस्थान से लौटा था परिवार

सूरज का परिवार रोजी-रोटी के लिए राजस्थान के भीलवाड़ा में रहता था. बेटे की शादी तय होने पर ही करीब एक महीने पहले पूरा परिवार अपने गांव लौटा था।

सबने सोचा था कि शादी की रस्में पूरी करने के बाद खुशी-खुशी वापस लौटेंगे, लेकिन इस एक हादसे ने सब कुछ खत्म कर दिया।

पुलिस ने शुरुआती जांच में हादसे की वजह गाड़ी की तेज रफ्तार को बताया है. इस खबर के फैलते ही शादी वाले घर में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  आज का राशिफल, 25 अक्टूबर 2026

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.